Manipur UKNA Operation 2026 : मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में भारतीय सेना और असम राइफल्स ने एक बड़े जॉइंट ऑपरेशन में चरमपंथियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया है। सुरक्षा बलों की इस जवाबी कार्रवाई में एक चरमपंथी मारा गया है, जबकि उसके कई अन्य साथी घने जंगलों की आड़ लेकर भागने में सफल रहे।
Assam Rifles Operation Manipur : मिला था इनपुट

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, सुरक्षा बलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि चुराचांदपुर के हेंगलेप उप-मंडल के एक बेहद सुदूर इलाके में प्रतिबंधित चरमपंथी संगठन ‘यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी’ (UKNA) के कैडर्स किसी बड़ी गतिविधि की फिराक में सक्रिय हैं। इसी इनपुट के आधार पर जवानों ने 16 जून 2026 को इस पूरे इलाके में एक साझा सर्च ऑपरेशन लॉन्च किया।
खराब मौसम और बेहद दुर्गम पहाड़ी रास्ता होने के बावजूद सेना और असम राइफल्स के जवानों ने उग्रवादियों के कैंप की तरफ बढ़ना जारी रखा। जैसे ही सुरक्षा बल उग्रवादियों के बनाए गुप्त ठिकाने के बिल्कुल नजदीक पहुंचे, वहां छिपे उग्रवादियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
सुरक्षा बलों ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से हुई इस भीषण मुठभेड़ में एक उग्रवादी मौके पर ही ढेर हो गया, जबकि बाकी उग्रवादी खुद को घिरता देख कैंप छोड़कर घने जंगलों की तरफ भाग निकले।
Assam Rifles Operation Manipur : भारी मात्रा में हथियार बरामद
मुठभेड़ थमने के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेरकर एक डीप सर्च ऑपरेशन चलाया। इस सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने उग्रवादियों द्वारा पहाड़ी इलाके में बनाए गए मजबूत बंकरों और छिपने के ठिकानों को पूरी तरह से डायनामाइट और अन्य तरीकों से ध्वस्त कर दिया।
सुरक्षा बलों को मौके से भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार, जिंदा कारतूस, गोला-बारूद और युद्ध में इस्तेमाल होने वाली अन्य सैन्य सामग्रियां बरामद हुई हैं।
सेना के अधिकारियों का कहना है कि उग्रवादियों के इस मुख्य बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) को तबाह करने से क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी नेटवर्क को एक बहुत बड़ा झटका लगा है। यह पूरी कार्रवाई मणिपुर के इस अशांत हिस्से में शांति व्यवस्था कायम करने और आम जनजीवन को पटरी पर लाने की दिशा में सुरक्षा बलों की एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।


Download Android App
Download iOS App




