मेरठ में सीएम योगी ने कांवड़ियों पर बरसाए पुष्प, बोले-यात्रियों की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता

Summary :

मेरठ, 8 अगस्त (आईएएनएस)। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की दशमी तिथि पर मेरठ में भोलेबाबा के भक्तों पर श्रद्धा के पुष्प बरसाए। गोरक्षपीठाधीश्वर के साथ रामायण सीरियल में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले मेरठ के सांसद अरुण गोविल समेत सभी जनप्रतिनिधियों ने आस्था को सम्मान देते हुए शिवभक्त कांवड़ यात्रियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं। इसके साथ ही पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई। इस मौके पर कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर, बम-बम’ के उद्घोष से पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश गुंजायमान हो उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को…

मेरठ, 8 अगस्त (आईएएनएस)। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की दशमी तिथि पर मेरठ में भोलेबाबा के भक्तों पर श्रद्धा के पुष्प बरसाए। गोरक्षपीठाधीश्वर के साथ रामायण सीरियल में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले मेरठ के सांसद अरुण गोविल समेत सभी जनप्रतिनिधियों ने आस्था को सम्मान देते हुए शिवभक्त कांवड़ यात्रियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं।

इसके साथ ही पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई। इस मौके पर कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर, बम-बम’ के उद्घोष से पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश गुंजायमान हो उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक व राष्ट्रीय एकता और समरसता का अनुपम उदाहरण बताया। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से समस्त शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत व अभिनंदन किया। आयोजन स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का अवलोकन किया।

उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए भोलेबाबा के भक्तों की श्रद्धा को नमन किया और प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की नियमित सुरक्षा, सम्मान, सुविधा आदि की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। पवित्र गंगाजल लेकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने निकले कांवड़ यात्रियों द्वारा हर-हर बम-बम की गूंज से समूचा पश्चिमी उत्तर प्रदेश गुंजायमान हो उठा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भोले के भक्तों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें अहसास कराया कि यह आस्था का सम्मान करने वाली सरकार है। कांवड़ यात्रा में निकली झांकी में ‘बाबा के गण’ विभिन्न स्वरूपों में भोले की मस्ती में डूबे दिखे। कोई भगवान भोलेनाथ की यात्रा में झूम रहा था तो कोई कार्तिकेय, गणेश के स्वरूप में शिवपरिवार के प्रति श्रद्धा दिखा रहा था। भूत-प्रेत के स्वरूप में भी बाबा के गण रथ पर सवार रहे।

‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ जैसे गीत पूरे माहौल को भगवामय कर रहे थे। यहां उपस्थित तमाम श्रद्धालु व आमजन भी आस्था, उमंग व उत्साह के इस पल को मोबाइल में कैद करते दिखाई दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि श्रावण मास में पावन कांवड़ यात्रा अपने चरम की ओर बढ़ रही है। शिवभक्त कांवड़ यात्री हरिद्वार में हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक करने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुजफ्फरनगर के शिवचौक में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। मेरठ में मुझे जनप्रतिनिधियों संग कांवड़यात्रियों पर पुष्पवर्षा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद में बाबा दूधेश्वर नाथ मंदिर, बागपत में पुरा महादेव मंदिर के साथ ही दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश के भी लाखों शिवभक्त श्रद्धा व उत्साहवर्धन के साथ कांवड़ यात्रा का हिस्सा बने हैं।

सीएम योगी ने कहा कि हम सभी पूरी तत्परता से कांवड़ यात्रियों के स्वागत व सुरक्षा के लिए तैयार हैं। देवाधिदेव महादेव के प्रति श्रद्धा के साथ सैकड़ों किलोमीटर पैदल यात्रा कर रहे शिवभक्त भक्ति, समर्पण, सामाजिक व राष्ट्रीय एकता और समरसता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। जात-पात, क्षेत्र व प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर उनकी हर श्वांस शिव के नाम है।

सीएम ने कहा कि यहां उत्साह, उमंग का माहौल है। प्रशासन ने मुस्तैदी के साथ सुरक्षा की व्यवस्था की है। जिला प्रशासन, सेक्टर मजिस्ट्रेट, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मी, जोन, रेंज, जनपद, थाना स्तर के साथ ही तमाम पुलिस अधिकारी भी श्रद्धाभाव के साथ अभियान का हिस्सा बनकर सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। समाजसेवी-धर्मार्थ संगठन जगह-जगह शिविरों के माध्यम से कांवड़ यात्रियों की श्रद्धा व सुविधाओं पर ध्यान दे रहे हैं।

सीएम ने इन सभी संगठनों के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया। सीएम ने इसे भक्ति की पराकाष्ठा बताते हुए कहा कि कांवड़ यात्रियों पर आज, कल व परसों (शिवरात्रि) तक हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा होगी। सीएम ने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा का हिस्सा बन रहे शिवभक्तों की कामना को पूर्ण करें और प्रदेश-देश में सुख-शांति व सौहार्द का माहौल बनाने के लिए सर्वदा उनकी कृपा बनी रहे।

— आईएएनएस

विकेटी/एसडी/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.