मालदीव की अवामी-मजलिस के स्पीकर मोहम्मद नशीद ने आज यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। वह राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के संयुक्त निमंत्रण पर भारत यात्रा पर हैं।
श्री मोदी ने श्री नशीद का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों देशों की संसदों के बीच द्विपक्षीय संपर्क कार्यक्रम दोनों देशों के प्रगाढ़ सम्बंधों की बुनियाद हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि श्री नशीद की यात्रा से दोनों देशों की मैत्री मजबूत होगी।
उल्लेखनीय है कि गत जून में श्री मोदी ने माले यात्रा के दौरान वहां की आवामी-मजलिस को भी संबोधित किया था। प्रधानमंत्री ने उसका उल्लेख करते हुए स्पीकर नशीद के मजबूत नेतृत्व में मालदीव में लोकतंत्र के लगातार मजबूत होने की सराहना की। श्री मोदी ने कहा कि भारत मालदीव को स्थिर, समृद्ध और शांतिपूर्ण बनाने के लिए वहां की सरकार के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पिछले वर्ष मालदीव में नई सरकार के गठन के बाद भारत और मालदीव के सम्बंधों को मजबूत बनाने में सहयोग तथा मालदीववासियों के कल्याण के लिए भारत के सहयोग पर श्री नशीद ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया।


Download Android App
Download iOS App



