लखनऊ, 20 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बुधवार को कहा कि एमएसएमई सेक्टर विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का मजबूत आधार बनेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यम स्थापना से लेकर उत्पादन, विपणन और निर्यात तक उद्यमियों को हर स्तर पर प्रभावी सहयोग उपलब्ध कराया जाए। कार्यभार ग्रहण करने के बाद विधानसभा सभागार कक्ष संख्या-80 में विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक वातावरण को और अधिक मजबूत बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।
बैठक में विभागीय प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां संचालित हैं, जिनके माध्यम से करीब 3 करोड़ लोगों को रोजगार और स्वरोजगार मिल रहा है। साथ ही राज्य के कुल निर्यात में एमएसएमई क्षेत्र की हिस्सेदारी लगभग 46 प्रतिशत है, जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है।
मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विभागीय योजनाओं को तेज गति से लागू किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के जरिए युवाओं तथा पारंपरिक कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्गों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया।
उन्होंने ‘मुख्यमंत्री सूक्ष्म उद्यम दुर्घटना बीमा योजना’ और ‘उत्तर प्रदेश सूक्ष्म लघु उद्योग तकनीकी उन्नयन योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए कहा कि उद्यमियों को सुरक्षा के साथ आधुनिक तकनीक से भी सशक्त बनाया जाए। इसके अलावा निजी औद्योगिक पार्कों की स्थापना तथा जिला उद्योग केंद्रों के आधुनिकीकरण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना है। सरकार की कोशिश है कि एमएसएमई इकाइयों को अधिक गति देकर निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि एमएसएमई सेक्टर प्रदेश को देश के अग्रणी और विकसित राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
–आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



