Mumbai: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह बैठक मालाबार हिल इलाके में राज्य सरकार के गेस्ट हाउस सह्याद्री में हुई और इस दौरान सिंचाई, दूध की कीमतों और चीनी मिलों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई।
अहम मानी जा रही यह मुलाकात
लोक सभा के बाद अब इस साल के अंत में कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों पर सभी की नजर लगी है। इसमें सबसे अहम चुनाव महाराष्ट्र में माना जा रहा है। वहां पर राजनीतिक हलचल तेज हो चुकी है। राज्य के सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में लगे हैं। इस बीच आज सोमवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार के बीच लंबी मुलाकात हुई।
अमित शाह ने पवार पर किया था हमला
यह मुलाकात इस मायने में बेहद अहम है क्योंकि एक दिन पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शरद पवार पर जमकर निशाना साधा था। अमित शाह ने पुणे में रविवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए शरद पवार को देश में भ्रष्टाचार को संस्थागत बनाने वाला ‘सरगना’ और उद्धव ठाकरे को ‘औरंगजेब फैन क्लब का प्रमुख’ करार दिया था।


Download Android App
Download iOS App




