मुंबई: वडाला में एसआरए बिल्डिंग में आग, दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे

Summary :

वडाला में आग से सोसायटी में हड़कंप, फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची

मुंबई के वडाला में श्री जी टावर के पास स्थित एसआरए बिल्डिंग में भीषण आग लगी है। आग की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम को बिल्डिंग के एक कमरे में अचानक आग लग गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही सोसायटी में हड़कंप मच गया और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। आग लगने की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड और वडाला पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची।

फिलहाल दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हैं, जबकि पुलिस अधिकारी भीड़ को नियंत्रित करने और इलाके में सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं। आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। साथ ही राहत की बात है कि खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। देश की वाणिज्यिक राजधानी में एक ही दिन में आग लगने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले मुंबई के मस्जिद बंदर इलाके में रविवार तड़के एक ऊंची इमारत में आग लग गई थी। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाई गई, जिसका इलाज चल रहा है। यह घटना सुबह छह बजे की है। जानकारी के मुताबिक, मस्जिद बंदर के इस्साजी स्ट्रीट स्थित 41/43, पन अली मेंशन, वाड़गाड़ी स्थित राम मंदिर के नजदीक एक 11 मंजिला हाइराइज इमारत में आग लग गई थी। आग मुख्य रूप से इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर सामान्य मीटर बॉक्स और इलेक्ट्रिकल वायरिंग में लगी, जो जल्द ही इमारत के अन्य हिस्सों तक फैल गई।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.