मुंबई में चाइनीज हथियार बेचने आए तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार

Summary :

मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत तीन शातिर बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। ये तीनों बाहरी राज्यों से मुंबई में विदेशी हथियार बेचने आए थे। आरोपियों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को खुफिया से पुख्ता जानकारी मिली थी कि कुछ लोग हथियारों के साथ मुंबई आ रहे हैं। इसके बाद एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने 22 मई की रात करीब 10:45 बजे सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल के पास पीडी मेलो रोड पर बने एक पब्लिक टॉयलेट के नजदीक जाल बिछाकर तीनों…

मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत तीन शातिर बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। ये तीनों बाहरी राज्यों से मुंबई में विदेशी हथियार बेचने आए थे। आरोपियों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को खुफिया से पुख्ता जानकारी मिली थी कि कुछ लोग हथियारों के साथ मुंबई आ रहे हैं। इसके बाद एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने 22 मई की रात करीब 10:45 बजे सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल के पास पीडी मेलो रोड पर बने एक पब्लिक टॉयलेट के नजदीक जाल बिछाकर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 3 हथियार, मैगजीन और 45 कारतूस (गोलियां) बरामद किए, जिन पर ‘मेड इन चाइना’ लिखा हुआ है। हालांकि ये चाइनीज दिखने वाले हथियार कहां से लाए गए हैं, यह पुलिस की गहन जांच का हिस्सा है। आरोपियों ने अभी तक हथियारों के बारे में कोई खुलासा नहीं किया है।

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों का पुराना और गंभीर क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है। 24 वर्षीय जशनप्रीत मंगल सिंह और 24 वर्षीय सुखविंदर सिंह पंजाब के पटियाला के रहने वाले हैं जबकि तीसरा आरोपी अरबाज राजस्थान के झालावाड़ का रहने वाला है। अरबाज पर पहले से ही 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इनमें से दो आरोपी साल 2022 से हत्या के एक मामले में वांटेड चल रहे थे और पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लोकल अपराधियों को हथियार बेचने की फिराक में थे। मुंबई के एम.आर.ए. मार्ग पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट के तहत तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है। इस मामले में पुलिस अब सभी एंगल से बारीकी से तफ्तीश कर रही है और इस बात की भी पुख्ता जांच की जा रही है कि क्या इन आरोपियों के तार खतरनाक लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं।

–आईएएनएस

ओपी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.