Mumbai News: मुंबई पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पायधुनी पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष ऑपरेशन में 36 करोड़ 74 लाख 92 हजार 400 रुपए की हेरोइन, नकद राशि और अन्य कीमती सामान जब्त किया गया है। इस मामले में अब तक 6 पुरुष और 3 महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मुंबई में अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी मानी जा रही है। कुल 8 किलो 832 ग्राम हेरोइन जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 36 करोड़ 55 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। इसके अलावा नकद, कार और मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
Mumbai News: 16 दिसंबर को हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
मामले की शुरुआत 16 दिसंबर को हुई, जब दोपहर करीब 2:30 से 6:30 बजे के बीच पी. डी’मेलो रोड, मस्जिद बंदर (पूर्व) स्थित लोहा भवन के बाहर पुलिस ने दो संदिग्धों को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से 326.22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपए बताई गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जलाराम नटवर ठक्कर (37) और वसीम मजरुद्दीन सैयद (27) के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

अजमेर से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान पुलिस को ड्रग्स सप्लाई चेन से जुड़े अहम सुराग मिले। इसके बाद रूबिना मोहम्मद सैयद खान (30) को गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच में सामने आया कि हेरोइन की असली मालिक शबनम शेख है, जिसे तकनीकी जांच के आधार पर अजमेर से गिरफ्तार किया गया। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, मामला और गंभीर होता चला गया। फरार चल रही मुस्कान समरूल शेख (19) को भी मस्जिद बंदर इलाके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसे नियमित रूप से मेहरबान अली नाम का व्यक्ति हेरोइन सप्लाई करता था।

Mumbai News: छापेमारी के दौरान भारी मात्रा हेरोइन बरामद
24 दिसंबर 2025 को हेरोइन की डिलीवरी की पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस ने जाल बिछाया और मौके पर पहुंचे अब्दुल कादिर शेख को हिरासत में लिया। उसके पास से 1 करोड़ 38 लाख रुपए की हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह माल उसे मेहरबान अली ने भेजा था। इसके बाद पुलिस ने ओशिवरा के आनंद नगर इलाके में छापा मारा, जहां नवाजीस गालिब खान, सारिक मोहम्मद सलीम सलमानी और समद गालिब खान को हेरोइन की पुड़िया पैक करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। यहां से 33 करोड़ 86 लाख 76 हजार 300 रुपए की हेरोइन बरामद की गई।

ALSO READ: ओडिशा की 3 दिवसीय यात्रा पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, जगन्नाथ और सूर्य मंदिर का करेंगे दौरा


Download Android App
Download iOS App




