मुंबई, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई के जुहू इलाके में ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर कथित तौर पर कार चढ़ाने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने बीएमडब्ल्यू चला रही महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की जांच जुहू पुलिस कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर की रात लगभग 8:15 से 8:30 बजे के बीच विले पार्ले (पश्चिम) स्थित संगीत महाभारती जंक्शन, प्रतीक्षा बंगले के सामने एन.एस. रोड नंबर 10 पर सांताक्रुज ट्रैफिक डिवीजन के पुलिस सिपाही प्रशांत गोकुल हाके यातायात नियंत्रण की ड्यूटी पर तैनात थे।
इसी दौरान बीएमडब्ल्यू कार और मारुति वैगनआर के बीच मामूली टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों वाहन सड़क के बीचों-बीच खड़े रहने से यातायात प्रभावित हो रहा था। स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने दोनों वाहन चालकों को सड़क किनारे गाड़ी लगाने का निर्देश दिया।
पुलिस के अनुसार, बीएमडब्ल्यू चला रही महिला चालक ने निर्देशों का पालन करने के बजाय पुलिसकर्मी से बहस शुरू कर दी। आरोप है कि महिला ने ट्रैफिक कांस्टेबल को झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी।
शिकायत के मुताबिक, वर्दीधारी पुलिसकर्मी वाहन के सामने खड़े थे, इसके बावजूद महिला चालक ने कार उनकी ओर बढ़ा दी। बार-बार वाहन रोकने के लिए कहने के बावजूद उसने कार की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे पुलिसकर्मी को अपनी जान बचाने के लिए तत्काल एक तरफ हटना पड़ा।
इसके बाद महिला चालक कथित तौर पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए जेवीपीडी जंक्शन की ओर मौके से निकल गई। घटना में मारुति वैगनआर को भी नुकसान पहुंचा।
पुलिस सिपाही प्रशांत गोकुल हाके की शिकायत पर जुहू पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। महिला चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 125, 351(2) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि महिला आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



