प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत को भारत की जीत बताया और कहा कि सभी मिलकर एक मजबूत एवं समावेशी भारत का निर्माण करेंगे। मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, “सबका साथ + सबका विकास + सबका विश्वास = विजयी भारत।” उन्होंने कहा, “हम साथ मिलकर बढ़ेंगे, साथ मिलकर समृद्ध बनेंगे और साथ मिलकर ही एक मजबूत एवं समावेशी भारत का निर्माण करेंगे।” मोदी ने कहा ,”भारत एक बार फिर जीता । विजयी भारत।”

इससे पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने ट्वीट में कहा, “यह जीत पूरे भारत की जीत है। देश के युवा, गरीब, किसान की आशाओं की जीत है। यह भव्य विजय प्रधानमंत्री मोदी जी के पांच साल के विकास और मजबूत नेतृत्व में जनता के भरोसे की जीत है।”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “मैं भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से नरेन्द्र मोदी जी को हार्दिक बधाई देता हूं।” शाह ने कहा कि जन-जन के विश्वास और अभूतपूर्व विकास की प्रतीक ‘मोदी सरकार’ बनाने के लिए भारत की जनता को कोटि-कोटि नमन। सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार ‘ प्रचंड मोदी लहर’ पर सवार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रिकॉर्ड सीटों के साथ केंद्र की सत्ता पर काबिज होने जा रही है। निर्वाचन आयोग की ओर से बृहस्पतिवार को जारी मतगणना के रुझानों के अनुसार भाजपा जहां 292 सीटों पर आगे चल रही थी वहीं, कांग्रेस 50 सीटों पर आगे थी। आयोग ने 542 सीटों के रुझान जारी किये हैं।


Download Android App
Download iOS App



