नौसेना अकादमी की स्प्रिंग टर्म पासिंग आउट परेड, 66 महिला व छह विदेशी प्रशिक्षु भी शामिल

नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए), एझिमाला में गुरुवार को स्प्रिंग टर्म 2026 की भव्य पासिंग आउट परेड (पीओपी) आयोजित की गई। इस अवसर पर 66 महिला प्रशिक्षुओं सहित कुल 311 प्रशिक्षुओं ने अपना प्रारंभिक सैन्य प्रशिक्षण पूर्ण किया और अकादमी से पास आउट हुए।

पास आउट होने वाले दल में तीन मित्र देशों सेशेल्स, तंजानिया और वियतनाम के छह विदेशी प्रशिक्षु भी शामिल रहे। इनमें सेशेल्स की दो महिला प्रशिक्षु भी थीं। यह भारतीय नौसेना अकादमी के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय सहयोग और वैश्विक पहुंच को दर्शाता है।

परेड के बाद फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, कमांडेंट आईएनए तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों और अभिभावकों ने पास आउट प्रशिक्षुओं को सब लेफ्टिनेंट रैंक की स्ट्राइप्स पहनाईं। इसके बाद नव नियुक्त अधिकारियों और उनके परिवारों के साथ संवाद भी किया गया। अब ये नव नियुक्त अधिकारी भारतीय नौसेना के विभिन्न प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों और अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों पर आगे का पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को विभिन्न पदक और ट्रॉफियां प्रदान की गईं। 110वें इंडियन नेवल अकादमी कोर्स में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर मिडशिपमैन कुलदीप सिंह को राष्ट्रपति स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। पासिंग आउट पूर्व एनडीए प्रशिक्षुओं में समग्र मेरिट में प्रथम रहने पर मिडशिपमैन उदयवीर सिंह नेगी को फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (दक्षिण) ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

41वें नेवल ओरिएंटेशन कोर्स (एक्सटेंडेड) में समग्र मेरिट में प्रथम रहने पर कैडेट जानवी चिराग मेहता तथा 42वें नेवल ओरिएंटेशन कोर्स (रेगुलर) में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कैडेट सीमा एस तेंदुलकर को नौसेना प्रमुख स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।

वियतनाम के मिडशिपमैन गुयेन वान हाउ को सर्वश्रेष्ठ विदेशी प्रशिक्षु के लिए फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (दक्षिण) ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं 42वें नेवल ओरिएंटेशन (कोस्ट गार्ड) कोर्स के कैडेट सर्वज्ञ मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ कोस्ट गार्ड प्रशिक्षु के लिए महानिदेशक तटरक्षक ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

हर टर्म की तरह इस बार भी विभिन्न प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले स्क्वाड्रन को कमांडेंट्स चैंपियन स्क्वाड्रन बैनर प्रदान किया गया। स्प्रिंग टर्म 2026 के लिए यह सम्मान फाइटर स्क्वाड्रन को मिला। अपने संबोधन में वाइस एडमिरल समीर सक्सेना ने सभी प्रशिक्षुओं को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई दी।

उन्होंने परेड में प्रदर्शित उत्कृष्ट अनुशासन, शानदार ड्रिल और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण की सराहना की। उन्होंने प्रशिक्षकों और प्रशिक्षण स्टाफ की समर्पित भूमिका की प्रशंसा करते हुए अभिभावकों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक प्रशिक्षण स्तर पर विदेशी प्रशिक्षुओं का समावेश विभिन्न देशों के बीच दीर्घकालिक मित्रता और समुद्री सहयोग को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। परेड की समीक्षा दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना ने की।

भारतीय नौसेना अकादमी के कमांडेंट वाइस एडमिरल मनीष चड्ढा ने समारोह के दौरान समीक्षा अधिकारी का संचालन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, विशिष्ट अतिथि, विभिन्न देशों के सैन्य अटैची तथा प्रशिक्षुओं के अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

–आईएएनएस

जीसीबी/एएसएच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।