रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने तेजी से बदलती प्रौद्योगिकी के साथ चलने के लिए देश में विश्वस्तरीय शैक्षिक और कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की जरूरत पर बल दिया है। राजन ने डिजिटल सम्मेलन हैश टैग फ्यूचर को सम्बोधित करते हुए कहा,’ प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दुनिया में जो हो रहा है उससे भारत को डरने की नहीं बल्कि खुद को तैयार करने की जरूरत है। हमें नई प्रौद्योगिकी और प्रतिस्पर्धा को अपनाने की जरूरत है।’
उन्होंने कहा कि देश के लोगों में अपनी क्षमता को बढ़ाने तथा नई तकनीक को सीखने की जबरदस्त भूख है। ग्रामीण क्षेत्र के लोग बच्चों को बेहतर शिक्षा देना चाहते हैं। बदलती दुनिया के अनुरूप लोगों को तैयार करने के लिए देश में विश्वस्तर के शिक्षा संस्थान और कौशल विकास के केंद्र स्थापित होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश में ऐसे कुछ केंद्र हैं लेकिन हमें और अधिक की जरूरत है। डिजिटल और रोबोटिक प्रौद्योगिकी से रोजगार खत्म होने के खतरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह खतरा तो है लेकिन उतना बड़ा नहीं जितना बताया जा रहा है पर हम इसे अनदेखा भी नहीं कर सकते। औद्योगिक क्रांति के समय से ही कहा जाता रहा है कि मशीनें आदमी का स्थान ले लेंगी लेकिन आज भी लोगों को काम मिल रहा है। उसका स्वरूप अवश्य बदल गया है।
रघुराम राजन ने कहा कि विश्वविद्यालय ऐसे ‘सुरक्षित स्थल’ होने चाहिए जहां बहस और चर्चाएं चलती रहें और किसी को भी ‘राष्ट्र विरोधी’ बताकर चुप नहीं कराया जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में हर किस्म के विचार प्रवाह को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
राजन ने कहा, ”हमें विश्वविद्यालयों का ऐसे स्थान के रूप में सम्मान करना चाहिए जहां विचारों पर चर्चा होती हो और जहां आप अन्य पक्ष को यह कहकर चुप नहीं कराते हों कि आपको इस तरह बोलने का अधिकार नहीं है या आप राष्ट्र विरोधी हो।”
राजन ने उद्योगों विशेष कर सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े उद्योगों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि सरकार को इन्हें जरूरी धन उपलब्ध कराने की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने निर्यातोन्मुखी व्यापार को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
फेसबुक को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कुछ कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि देश में इस बात पर बहस होनी चाहिए कि नई तकनीकों के जरिये एकत्र किए जाने वाले आंकड़े (डाटा) पर किसका नियंत्रण हो। यह देश में हो या विदेश में।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



