नई दिल्ली : विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि सरकार दो अरब डॉलर के पीएनबी धोखाधड़ी मामले के आरोपी हीरा कारोबारी नीरव मोदी को ब्रिटेन से प्रत्यर्पित कराने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है। मंत्रालय ने कहा कि ब्रिटेन को किया गया प्रत्यर्पण अनुरोध दिखाता है कि भारत को पता है कि नीरव उस देश में है।
मंत्रालय ने यह भी कहा कि ब्रिटेन नीरव को प्रत्यर्पित करने के भारत के अनुरोध पर विचार कर रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा, ‘‘हमने ब्रिटेन की सरकार से नीरव मोदी के प्रत्यर्पण के लिए अनुरोध किया, इसका अर्थ हुआ कि हमें यह पता है कि वह ब्रिटेन में है, अन्यथा हमने अनुरोध नहीं किया होता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि उसे देखा गया है, इसका यह मतलब नहीं है कि उसे तत्काल भारत वापस लाया जा सकता है। इसकी एक प्रक्रिया है। हमने प्रत्यर्पण के लिए अनुरोध किया है, अब ब्रिटेन की सरकार पर है कि हमारे अनुरोध पर विचार करे और प्रत्यर्पण के लिए सीबीआई तथा ईडी की मांग पर कार्रवाई करे।’’
कुमार ने कहा कि सरकार उसके प्रत्यर्पण के लिए हरसंभव जरूरी कदम उठा रही है। प्रत्यर्पण अनुरोध के संबंध में एक प्रश्न के उत्तर में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अगस्त की शुरुआत में उसके प्रत्यर्पण के लिए अनुरोध किया था। कुमार ने बताया कि इसके अलावा सीबीआई ने अलग से एक अनुरोध किया, जो अगस्त के अंत में ब्रिटेन भेजा गया। उन्होंने कहा, ‘‘हमें बताया गया है कि ये दोनों अनुरोध ब्रिटिश सरकार के विचाराधीन हैं।’’ कुमार ने कहा कि प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज करने के लिए बार-बार अनुरोध किया गया है। ब्रिटेन के एक अखबार में शनिवार को प्रकाशित खबर के अनुसार नीरव मोदी लंदन के वेस्ट एंड में 80 लाख डॉलर के आलीशान मकान में रह रहा है और नया हीरा कारोबार कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



