नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष निमंत्रण पर हो रहा यह दौरा मार्च 2026 में पदभार संभालने के बाद बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा होगी।
काठमांडू में शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने इस यात्रा की आधिकारिक जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बालेंद्र शाह 22 नवंबर को नेपाल एयरलाइंस की फ्लाइट से नई दिल्ली पहुंचेंगे। उनके साथ 34 सदस्यों का एक उच्चस्तरीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आ रहा है, जिसमें नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यान्जनकर प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
वार्ता, मुलाकात और ऑफिसियल भोज
दौरे के दूसरे दिन यानी 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की अहम द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस बैठक में दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों के सभी पहलुओं की गहराई से समीक्षा करने के साथ ही क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।
बातचीत के बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित कर सकते हैं, जिसके बाद पीएम मोदी नेपाली समकक्ष के सम्मान में दोपहर के आधिकारिक भोज की मेजबानी करेंगे। इसके अलावा, बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी शिष्टाचार मुलाकात करेंगे।
‘पड़ोसी प्रथम’ नीति और नए क्षेत्रों में साझेदारी पर जोर
भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत नेपाल को हमेशा विशेष स्थान दिया जाता है। दोनों पड़ोसी देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन-संपर्क की मजबूत परंपरा रही है। मौजूदा समय में व्यापार, ऊर्जा, जल संसाधन और डिजिटल कनेक्टिविटी के साथ-साथ स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी आपसी सहयोग तेजी से बढ़ रहा है।
उम्मीद जताई जा रही है कि इस उच्चस्तरीय यात्रा से द्विपक्षीय साझेदारी को नई रफ्तार मिलेगी। अपना दौरा पूरा कर नेपाली प्रधानमंत्री 23 नवंबर की शाम को वापस काठमांडू लौट जाएंगे।
यह भी पढ़ें – भारत-पुर्तगाल ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए पांच वर्षीय रोडमैप पर की चर्चा


Download Android App
Download iOS App




