भारत ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ अपनी लड़ाई का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव शुक्रवार शाम को पार किया जिसके तहत देश में कोरोना वायरस टीके की खुराक पाने वाले लोगों की संख्या चार करोड़ से अधिक हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने औपचारिक रिपोर्ट के हवाले से बताया कि देश में शुक्रवार शाम सात बजे तक कुल 4,11,55,978 कोविड-19 टीके की खुराक दी गईं। इसके अनुसार दिन में 18,16,161 लोगों को कोविड-19 टीका लगाया गया।
इस कुल संख्या में 76,86,920 स्वास्थ्य कर्मियों (एचसीडब्ल्यू) को टीके की पहली खुराक और 47,69,469 एचसीडब्ल्यू को दूसरी खुराक दी गई जबकि 79,10,529 अग्रिम मोर्चे के कर्मियों (एफएलडब्ल्यू) को पहली खुराक और 23,16,922 एफएलडब्ल्यू को टीके की दूसरी खुराक दी गई।
वहीं, 1,53,78,622 लाभार्थी 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले और 45 से 60 वर्ष के विभिन्न रोगों से पीड़ित 30,93,516 लोगों ने टीके की पहली खुराक ली।
मंत्रालय के अनुसार कोविड-19 टीकाकरण के राष्ट्रव्यापी अभियान के 63वें दिन शुक्रवार को शाम सात बजे तक कुल 18,16,161 टीके की खुराक दी गईं।
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी को स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की खुराक से साथ हुई थी जबकि दो फरवरी से अग्रिम मोर्चे के कर्मियों का टीकाकरण शुरू हुआ। टीकाकरण का अगला दौर एक मार्च से शुरू हुआ जिसमें 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के अलावा 45 से 60 वर्ष के विभिन्न रोगों से पीड़ित लोगों को कोविड टीके की खुराक दी जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



