वित्त मंत्री सीतारमण ने एसबीआई की 70 नई शाखाओं और 501 महिला सेवा केंद्रों का उद्घाटन किया

Summary :

501 महिला सेवा केंद्रों का उद्घाटन, महिलाओं की वित्तीय स्वतंत्रता को बढ़ावा

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की 70 शाखाओं और 501 महिला ग्राहक सेवा केंद्रों का उद्घाटन किया है। इससे जरिए बैंकिंग सेवाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी। वित्त मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नए महिला ग्राहक सेवा केंद्रों का उद्घाटन देश भर में महिलाओं की वित्तीय स्वतंत्रता को बढ़ावा देने के लिए एसबीआई की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि ये सेवा केंद्र अंतिम छोर तक बैंकिंग सर्विसेज की पहुंच को बढ़ाएंगे और भारत की आर्थिक वृद्धि में सक्रिय रूप से योगदान करने के लिए महिलाओं को सशक्त बनाएंगे।

वित्त मंत्री ने कहा, “एसबीआई 51 करोड़ से अधिक ग्राहकों के लिए एक विश्वसनीय बैंकिंग भागीदार बना हुआ है, जो कई देशों की आबादी से भी अधिक है और यह सभी आय समूहों में आर्थिक प्रगति के लिए बैंक की गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

उन्होंने आगे कहा कि दुनिया के सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंकों में से एक के रूप में एसबीआई वैश्विक आबादी के लगभग 5.6 प्रतिशत को सेवा प्रदान करता है। यह बैंक की प्रतिस्पर्धात्मकता क्षमता को दिखाता है।

वित्त मंत्री ने आगे कि इस वित्तीय वर्ष में बैंक ने बैंकिंग सेवाओं को वंचित समुदायों तक अधिक सुलभ बनाने के लिए प्रमुख क्षेत्रों को रणनीतिक रूप से लक्षित करना जारी रखा है।

एसबीआई ने एक बयान में कहा कि नागालैंड में पुघोफोटो, ओडिशा में इटामती, केरल में चुल्लीमानूर, आंध्र प्रदेश में पलासमुद्रम और तेलंगाना में चिन्नमबावी जैसे गांवों में शाखाओं का उद्घाटन वित्तीय समावेशन के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

बयान में कहा गया है, “अपने दायरे को और बढ़ाते हुए बैंक ने वित्त वर्ष 25 की तीसरी तिमाही में करीब 100 शाखाएं खोली हैं, जिससे उसका शाखाओं का नेटवर्क 22,800 से अधिक हो गया। इसके अलावा, एसबीआई के पास 78,023 ग्राहक सेवा केंद्रों (सीएसपी) का मजबूत नेटवर्क है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.