Nitin Gadkari Statement: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के एक बयान ने सियासी गलियारों में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने कहा कि अब वह पहले की तरह ज्यादा काम नहीं कर सकते। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक काम करने के बाद अब नई पीढ़ी को जिम्मेदारी देने का समय आ गया है। गडकरी का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब केंद्र सरकार की कैबिनेट में संभावित फेरबदल को लेकर लगातार चर्चा जारी है। लेकिन, उन्होंने अपने बयान में किसी पद या मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नितिन गडकरी ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वह करीब 30 साल से लगातार सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। इस दौरान उन्होंने कई तरह के उतार-चढ़ाव देखे और अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं। उन्होंने कहा कि अब उनकी काम करने की क्षमता पहले जैसी नहीं रही है। ऐसे में नई पीढ़ी को आगे बढ़ने और अपनी जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिलना चाहिए। गडकरी के अनुसार, पुरानी पीढ़ी का काम नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करना होना चाहिए, ताकि अनुभव और नई सोच दोनों का फायदा मिल सके।
विकास कार्यों पर भी दिया जोर
गडकरी ने अपने बयान के दौरान महाराष्ट्र में विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकास का दायरा और बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने खास तौर पर महाराष्ट्र के आदिवासी इलाकों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य का कोई भी आदिवासी गांव बिजली की सुविधा से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उनका जोर इस बात पर रहा कि विकास का असर जमीन पर साफ दिखाई देना चाहिए और दूरदराज के इलाकों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचनी चाहिए। इससे साफ है कि गडकरी ने नई पीढ़ी को जिम्मेदारी देने की बात जरूर कही, लेकिन विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर उनकी सक्रियता और प्राथमिकताएं अभी भी बनी हुई हैं।
गडकरी का यह बयान बीजेपी में हुए हालिया संगठनात्मक बदलाव के बाद आया है। पिछले सप्ताह बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का गठन किया गया। 65 सदस्यों वाली इस टीम में 51 नए चेहरों को जगह मिली है। पार्टी के भीतर इस बदलाव को पीढ़ीगत परिवर्तन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। लंबे समय से पार्टी में वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के साथ युवा नेताओं को अधिक जिम्मेदारी देने की चर्चा होती रही है। ऐसे में गडकरी का नई पीढ़ी को आगे लाने वाला बयान इस बहस को और तेज कर सकता है।
कैबिनेट फेरबदल की अटकलें तेज
बीजेपी संगठन में बड़े बदलाव के बाद अब केंद्र सरकार के कैबिनेट में भी फेरबदल की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। ऐसे माहौल में गडकरी का यह बयान राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। लेकिन, गडकरी ने अपने बयान में यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किसी जिम्मेदारी से हटने या पद छोड़ने की बात कर रहे हैं। उन्होंने केवल इतना संकेत दिया कि लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहने के बाद अब नई पीढ़ी को आगे आने का मौका मिलना चाहिए।
यह भी पढ़ें: मिसाइल निर्माण में बड़ी छलांग, भारतीय उद्योग बनाएंगे डीआरडीओ की विकसित मिसाइलें



Download Android App
Download iOS App




