Benjamin Netanyahu Iran Attack: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को लेकर बेहद चौंकाने वाला बयान दिया है। नेतन्याहू ने आरोप लगते हुए कहा है कि ईरान ने उनके एक बेटे को निशाना बनाकर उसकी हत्या की कोशिश की थी। उनके मुताबिक, इस साजिश की जानकारी कई महीनों से थी, लेकिन मामले से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने पर रोक लगी हुई थी। अब नेतन्याहू ने खुद इस मुद्दे पर खुलकर बात की है। मीडिया को दिए गए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा कि ईरान ने उनके एक बेटे को निशाना बनाया और उसे जान से मारने की कोशिश की। लेकिन, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि उनके दोनों बेटों में से किसे निशाना बनाया गया था। ईरान की ओर से फिलहाल नेतन्याहू के इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बेंजामिन नेतन्याहू के 3 बच्चे हैं। उनके बड़े बेटे यार नेतन्याहू की उम्र 35 साल है और वह 2024 की शुरुआत से अमेरिका के मियामी में रह रहे हैं। उन्हें शिन बेट की सुरक्षा भी मिली हुई है। वहीं, नेतन्याहू के छोटे बेटे अवनेर आम तौर पर सार्वजनिक जीवन और मीडिया की नजरों से दूर रहते हैं। वह इजरायल में ही रहते हैं। नेतन्याहू की एक बेटी भी है, जिसका नाम नोआ नेतन्याहू-रोथ है। वह यरुशलम में रहती हैं।
नेतन्याहू ने मांगी कड़ी सुरक्षा
नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय पर सामने आया है जब इजरायल में VIP सुरक्षा को लेकर बहस चल रही है। घरेलू सुरक्षा एजेंसी शिन बेट ने पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजनकोट को सुरक्षा देने से मना कर दिया है। इसी बीच नेतन्याहू ने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि अगर ईरान उनके बेटे को निशाना बनाने की कोशिश कर सकता है तो उनके लिए 24 घंटे सुरक्षा जरूरी है। नेतन्याहू का कहना है कि इस तरह की सुरक्षा को किसी तरह की सुविधा या विलासिता नहीं माना जाना चाहिए, क्योंकि इससे संभावित हमले का खतरा कम किया जा सकता है।
इसी बीच ईरान से जुड़ा एक और सनसनीखेज दावा सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सरकारी टीवी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे बैरन ट्रंप को निशाना बनाने से जुड़ा एक कार्यक्रम प्रसारित किया गया। दावे के अनुसार, इस कार्यक्रम में बैरन ट्रंप तक पहुंचने के संभावित तरीकों की चर्चा की गई और उनकी हत्या करने वाले व्यक्ति के लिए 10 मिलियन डॉलर यानी करीब 95 करोड़ रुपये के इनाम की बात कही गई।
वीडियो में बैरन के बारे में क्या कहा गया?
बताया गया है कि यह वीडियो ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े मीडिया से जारी हुआ और ईरानी सरकारी टीवी के चैनल 3 पर दिखाया गया। इसमें 20 वर्षीय बैरन ट्रंप की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी बातों का जिक्र किया गया।
वीडियो में कथित तौर पर यह दावा भी किया गया कि बैरन पर नजर रखी जा रही है। एक घटना का उदाहरण देते हुए बताया गया कि एक लड़की कथित तौर पर सीक्रेट सर्विस की सुरक्षा व्यवस्था को पार कर बैरन के पास बैठने में सफल रही थी।
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बढ़ी चिंता
यह पूरा मामला ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पहले से ही काफी बढ़ा हुआ है। अमेरिका की ओर से ईरान पर नए आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाने के बाद दोनों देशों के बीच टकराव और बढ़ गया है।
नेतन्याहू के बेटे को निशाना बनाने के आरोप और बैरन ट्रंप को लेकर सामने आए दावों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, इन आरोपों पर ईरान की आधिकारिक स्थिति अभी सामने नहीं आई है। ऐसे में इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि का इंतजार है।
यह भी पढ़ें: डेनमार्क की पीएम ने प्लास्टिक सर्जन को दिया करारा जवाब, कहा- मेरी नाक पर नहीं, जरूरी मुद्दों पर बात करें



Download Android App
Download iOS App




