सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सड़क निर्माण के कार्यों में तेजी लाने के इरादे से बृहस्पतिवार और शुक्रवार को तीन लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। परियोजनाओं से जुड़े मसलों को सुलझाने और लंबित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के उपाय तलाशने के लिहाज से यह बैठक महत्वपूर्ण है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बुधवार को बयान में कहा, ‘‘बैठक के दौरान करीब 50 परियोजनाओं खासकर अटकी / विलम्बित परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी। ये परियोजनाएं करीब तीन लाख करोड़ रुपये की हैं।’’
बैठक में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री वी के सिंह भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा परियोजनाओं का विकास करने वाली कंपनियां, बैंक अधिकारी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी समेत संबंधित पक्ष मौजूद रहेंगे।’’ बैठक गुरुग्राम के मानेसर में होगी।


Download Android App
Download iOS App



