देश की GDP में सबसे बड़ा योगदानकर्ता बनकर उभरेगा पूर्वोत्तर : शाह 

Summary :

शाह ने कहा असम में BJP की दो साल से ही सरकार है लेकिन सरकार लोगों के बीच विश्वास और आत्मविश्वास पैदा करने में सफल रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पूर्वोत्तर को “विकास के निम्नतम स्तर” तक लाने के लिए कांग्रेस की निंदा की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की “दूरदर्शी नीतियों” के कारण देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पूर्वोत्तर राज्य सबसे बड़ा योगदानकर्ता बनेंगे।

शाह ने टाटा ट्रस्ट के साथ साझेदारी में राज्य में 19 कैंसर केयर अस्पतालों की यहां आधारशिला रखने के बाद कहा, “स्वतंत्रता के समय पूर्वोत्तर की बहुत ऊंची वृद्धि दर थी लेकिन क्षेत्र में ज्यादातर समय कांग्रेस का शासन रहा है और इनके शासनकाल में विकास निम्नतम स्तर तक पहुंच गया।”

असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, अरूणाचल प्रदेश के उनके समकक्ष पेमा खांडू और टाटा ट्रस्ट के अध्यक्ष रतन टाटा इस मौके पर पहुंचे थे। शाह ने कहा कि असम में भाजपा की केवल दो साल से ही सरकार है लेकिन सरकार लोगों के बीच विश्वास और आत्मविश्वास पैदा करने में सफल रही है जिससे यह राज्य एक विकसित राज्य बनेगा।

 उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर को हमेशा ‘अष्टलक्ष्मी’ (देवी लक्ष्मी के आठ स्वरूपों) के रूप में माना है और सड़क और रेल संपर्क, आईटी कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और शिक्षा सुविधाओं पर ध्यान देकर इसके विकास को काफी महत्व दिया है।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team