Northern Railway: दीपावली और छठ को देखते हुए बड़ी संख्या में लोग उत्तर प्रदेश और बिहार जाने की तैयारी में लग जाते हैं, जिसे देखते हुए रेल में भारी भीड़ देखने को मिलती है, लेकिन इस बार रेलवे का दावा है कि उसने इससे निपटने के लिए पूरी तैयारी की हुई है। इस संबंध में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा, उत्तर रेलवे इस बार छठ-दीवाली के लिए यात्रीगणों की सुविधा को लेकर पूरी तरह से तैयार है। प्रधानमंत्री जी और रेल मंत्री का इस पर विशेष ध्यान है कि सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समय पर गंतव्य तक पहुंचाया जाए। इसके लिए, पिछले साल के अनुभव से सीख लेते हुए, नई दिल्ली और आनंद विहार रेलवे स्टेशनों पर हमने लगभग तीन गुना ज्यादा व्यवस्थाएं की हैं।
-
HIGHLIGHTS
-
छठ-दीवाली को लेकर उत्तर रेलवे की खास तैयारियां
-
भीड़ को देखते हुए चलाई गई 195 विशेष ट्रेनें
-
स्टेशन पर भीड़ को काबू करने के लिए उठाए गए अहम कदम
इस बार 195 विशेष ट्रेनें चलाई गई
उन्होंने कहा, इस बार यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए, हमने विशेष रूप से एक विशाल होल्डिंग एरिया बनाया है, जो 72,000 स्क्वायर फीट में फैला है। यह सुनिश्चित करेगा कि आरक्षित यात्रियों को अलग रखा जाए और प्लेटफॉर्म पर भीड़भाड़ और मिश्रण की समस्या न हो। होल्डिंग एरिया में आरक्षित यात्रियों को एक बैरिकेड के अंदर रखा जाएगा और उन्हें सीधे कोचों तक पहुंचाया जाएगा। इस तरह, सभी आरक्षित कोच एक जगह पर होंगे, जिससे प्लेटफॉर्म पर कोई अव्यवस्था नहीं होगी। उन्होंने आगे कहा, पिछले साल हमने लगभग 135 विशेष ट्रेनें चलाई थीं, जबकि इस बार हमने 195 विशेष ट्रेनें पहले ही घोषित कर दी हैं और उनकी बुकिंग भी पूरी हो चुकी है।
प्लेटफॉर्म के आकार को बढ़ाया गया
इसके अतिरिक्त, यदि हमें और ट्रेन चलाने की आवश्यकता पड़े, तो हमारे पास 18 लाख की क्षमता है, जिससे हम अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, पिछले साल की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए, हमने विशेष कदम उठाए हैं ताकि यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर भीड़भाड़ से बचाया जा सके। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि नई दिल्ली स्टेशन पर सारी प्रमुख ट्रेनें अब 16 नंबर प्लेटफॉर्म से संचालित होंगी, जहां प्लेटफॉर्म का आकार भी बढ़ा दिया गया है और इसे भीड़ नियंत्रित करने की क्षमता भी है। इस बार, प्लेटफॉर्म पर प्रवेश केवल 16 नंबर प्लेटफॉर्म से ही होगा, जिससे यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होगी।


Download Android App
Download iOS App



