राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनटीए) मंगलवार से इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिये जेईई-मुख्य परीक्षा आयोजित कराने के लिये पूरी तरह तैयार है। कोविड-19 के तहत परीक्षा केन्द्रों में शारीरिक दूरी सुनिश्चित करने के लिये व्यापक इंतजाम किये गए हैं।
ओडिशा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ ने छात्रों को परिवहन के साधन मुहैया कराने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा आईआईटी के पूर्व छात्रों के एक समूह ने जरूरतमंद छात्रों को परीक्षा केन्द्र पहुंचने के लिये परिवहन के साधन मुहैया कराने के वास्ते एक पोर्टल लांच किया है। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों से परीक्षार्थियों की मदद करने की अपील की है।
कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर जेईई-मुख्य और मेडिकल में प्रवेश के लिये ली जाने वाली नीट की परीक्षा टलने के आसार नजर आ रहे थे। जेईई की परीक्षाएं 1 से 6 सितंबर जबकि नीट की परीक्षा 13 सितंबर को होनी हैं। संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई)-मुख्य के लिये 8.58 लाख जबकि नीट के लिये 15.97 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया है।
शिक्षा मंत्री निशंक ने कहा, ”मैं सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से इन अभूतपूर्व परिस्थितियों में हमारे छात्रों को सहयोग देने और पर्याप्त इंतजाम करने की अपील करता हूं ताकि आवेदकों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। मैं छात्रों से भी परीक्षा करा रही एजेंसी पर विश्वास करने की अपील करता हूं। ”


Download Android App
Download iOS App



