नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। एनटीपीसी लिमिटेड ने अपनी वेबसाइट पर एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके अनुभवी पेशेवरों के लिए 12 अलग-अलग पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है।
एनटीपीसी लिमिटेड की ओर से जारी 12 रिक्तियों में जनरल मैनेजर (केमिकल प्रोसेस प्लांट) का 1 पद, एग्जीक्यूटिव (सीसीएसयू – कार्बन कैप्चर/यूटिलाइजेशन/स्टोरेज) के फिक्स्ड टर्म आधार पर 4 पद, एग्जीक्यूटिव (कोल-गैसीफिकेशन) के फिक्स्ड टर्म आधार पर 3 पद, एग्जीक्यूटिव (सोलर थर्मल) का फिक्स्ड टर्म आधार पर 1 पद, एग्जीक्यूटिव (केमिकल प्रोसेस) के फिक्स्ड टर्म आधार पर 2 पद और एग्जीक्यूटिव (मेटलर्जी) का फिक्स्ड टर्म आधार पर 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 13 नवंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 27 नवंबर की शाम 6 बजे तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे एनटीपीसी लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ पद से संबंधित विषय और क्षेत्र के अनुसार बीई/बीटेक, एमई/एमटेक या पीएचडी होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों के पास पोस्ट के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 12 से 23 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु जनरल मैनेजर पद के लिए 55 वर्ष और एग्जीक्यूटिव के लिए 54 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 27 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच-पड़ताल और योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, लिखित/कंप्यूटर-आधारित परीक्षा, व्यक्तिगत साक्षात्कार, दस्तावेज़ सत्यापन आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी जनरल मैनेजर पद के लिए 1,20,000 से 2,80,000 रुपए के बीच प्रति माह और एग्जीक्यूटिव पदों के लिए 1,50,000 रुपए प्रति माह होगी। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
कैंडिडेट्स को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एनटीपीसी लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित रिक्तियों के लिए जारी नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
–आईएएनएस
डीके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



