स्वच्छ भारत अभियान पर छग घोषित होगा ओडीएफ राज्यरायपुर, (आशीष शर्मा, पंजाब केसरी ): प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान को छत्तीसगढ़ में अच्छी सफलता मिली है। अभियान के शुरू होने के कुछ महिनों में ही पांच से छह जिले खुले में शौच मुक्त हो गए। केन्द्र सरकार अब छत्तीसगढ़ को ओडीएफ राज्य घोषित करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि राज्य ने ओडीएफ के मापदंडों को पूरा कर लिया है। राज्य सरकार के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ जाएगी। हालांकि स्वच्छ भारत अभियान के तहत छत्तीसगढ़ समेत पांच अन्य राज्यों को खुले में शौच मुक्त प्रदेश घोषित किया जाएगा।
इनमें तेलंगाना, झारखंड, महाराष्ट्र, केरल और मध्य प्रदेश शामिल हैं। इन सभी छह राज्यों को ओडीएफ प्रदेश घोषित करने की औपचारिक कवायदें पूरी हो गई है। इन छह राज्यों के 1137 शहरों और कस्बों को आगाती 2 अक्तूबर को खुले में शौच मुक्त राज्य घोषित कर दिया जाएगा। दरअसल, 2 अक्तूबर को ही स्वच्छ भारत अभियान के 3 साल पूरे हो रहे हैं। इस अभियान में छत्तीसगढ़ के 168 शहर एवं कस्बे शामिल हैं। इस मामले में राज्य सरकार ने अभियान के तहत सभी जिलों में कवायदें तेज की थी।
वहीं जिलों में कलैक्टरों से लेकर निचले स्तर पर पूरे अमले को झोंक दिया गया था। हालांकि ओडीएफ के मामले में कई तरह की शिकायतें और विवाद की स्थिति भी सामने आई है, लेकिन सरकार ने इन विवादों को दूर करने के दावे किए हैं। राज्य में कुछ जिलों को सरकार ने पहले ही ओडीएफ घोषित कर दिया है। वहीं इन जिलों को बाकायदा सम्मानित भी किया जा चुका है। इसके बावजूद पूरे प्रदेश को ओडीएफ घोषित करने के लिए सभी जिलों की स्थिति पर पूरी रिपोर्ट भेजी गई थी। इन रिपोर्ट के आधार पर केन्द्र सरकार ने इस पर मुहर लगा दी है। राज्य सरकार की उपलब्धि के तौर पर इसे माना जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



