Odisha: सिनेमा के दिग्गज अभिनेता Uttam Mohanty का निधन, CM Mohan Majhi ने जताया शोक

Summary :

अभिनेता Uttam Mohanty राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार

मशहूर उड़िया अभिनेता उत्तम मोहंती का गुरुवार रात हरियाणा, गुरुग्राम के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्होंने 66 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ऑलीवुड के दिग्गज अभिनेता के निधन पर शोक जताया और इसे सिनेमा जगत के लिए बड़ी क्षति बताई।

शुक्रवार रात को मुख्यमंत्री माझी ने शोक व्यक्त करते हुए एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “ओडिशा के लोकप्रिय अभिनेता उत्तम मोहंती के निधन की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ है। उनके जाने से उड़िया कला जगत को बड़ी क्षति हुई है। उड़िया सिनेमा जगत में उन्होंने जो छाप छोड़ी है, वह दर्शकों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगी। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

सम्मान के तौर पर, मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि उत्तम मोहंती का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाए। सीएम माझी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की। माझी ने मोहंती के बेटे बाबूशान से फोन पर बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि राज्य सरकार मोहंती के पार्थिव शरीर को दिल्ली से भुवनेश्वर लाने में मदद करेगी। बता दें, मोहंती लीवर संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। उन्हें 8 फरवरी को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। उनके बेटे बाबूशान ने गुरुवार देर रात उनके निधन की जानकारी साझा की।

मोहंती के अभिनय करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 135 से अधिक उड़िया फिल्मों के साथ ही कुछ टेलीविजन शोज में भी काम किया। इसके अलावा, उन्होंने 30 बंगाली फिल्मों और एक हिंदी फिल्म ‘नया जहर’ में भी अभिनय किया।

उनका जन्म और पालन-पोषण मयूरभंज जिले के बारीपदा में हुआ। मोहंती का झुकाव कॉलेज के दिनों से ही अभिनय की ओर था। उत्तम मोहंती उड़िया सिनेमा के एकमात्र ऐसे सितारे हैं जो लगभग दो दशकों तक शीर्ष पर रहे और 80 और 90 के दशक में उड़िया फिल्म इंडस्ट्री में छाए रहे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.