जम्मू एवं कश्मीर के शोपियां जिले में सोमवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी और एक ओवरग्राउंड वर्कर (मददगार) मारे गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राइफल्स के एक गश्ती दल पर सोमवार को शोपियां जिले के चित्रग्राम गांव में आतंकवादियों ने फायरिंग कर दी।
पुलिस ने कहा, “राष्ट्रीय राइफल्स के एक गश्ती दल पर आज शोपियां जिले के चित्रग्राम गांव में एक वाहन से जा रहे आतंकवादियों ने गोलियां चला दी। जवाबी फायरिंग के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई जिसमें एक आतंकवादी और एक ओजीडब्ल्यू (ओवरग्राउंड वर्कर) मारे गए।”

पुलिस सूत्रों ने कहा, “मारे गए आतंकवादी की पहचान फिरदौस अहमद भट और ओजीडब्ल्यू के रूप में सजाद अहमद डार के रूप में की गई है, दोनों कुलगाम जिले के हैं।” पुलिस सूत्रों ने कहा, “मारा गया आतंकवादी और ओजीडब्ल्यू किस समूह से जुड़े थे, इसका पता लगाया जा रहा है।”
ओवरग्राउंड वर्कर एक तरह से आतंकवादियों के मददगार होते हैं जो उनकी आंख और कान के रूप में काम करते हैं। वे सुरक्षा बलों की आवाजाही पर नजर रखते हैं, आतंकवादियों के लिए ठिकाने की व्यवस्था करते हैं और उन्हें अन्य लॉजिस्टिक सहायता भी प्रदान करते हैं। एहतियात के तौर पर कुलगाम जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



