Pahalgam Attack First Anniversary: जम्मू-कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक पहलगाम में हुए एक साल पहले हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने पहलगाम में घुसकर 26 नागरिकों की निर्मम हत्या कर दी थी। इस दौरान हमलावरों ने धार्मिक पहचान के आधार पर पीड़ितों को निशाना बनाया था, जिसकी वजह से पूरे देश में निंदा और आक्रोश देखने को मिला। आम नागरिकों की हत्या के बाद भारत के वीर जवानों ने अपने सैन्य ताकत का दमखम दिखाते हुए पाकिस्तान में हमला बोल दिया और हवाई हमले में 100 से अधिक आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया था।
100 से अधिक आतंकवादियों को ढेर किया
भारत ने 7 मई, 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसका लक्ष्य पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू और कश्मीर (पीओजेके) में स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाना था। भारतीय सशस्त्र बलों ने लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकी लॉन्चपैड पर ताबड़तोड़ भीषण हमला कर दिया था, जिससे उनकी क्षमताओं को भारी नुकसान पहुंचा। साथ ही 100 से अधिक आतंकवादियों को ढेर कर दिया था।
Pahalgam Attack First Anniversary: भारत किसी के आगे कभी नहीं झुकेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पहलगाम हमले में मारे गए 26 लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और आतंकवाद के खिलाफ देश के एकजुट रुख को दोहराया। PM मोदी ने कहा कि जान गंवाने वालों को कभी भुलाया नहीं जाएगा और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के जघन्य मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने याद किया
आतंकी हमले के पीड़ितों को याद करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल, 2025 को हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को मैं याद करता हूं और उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके प्रियजनों और परिवारों के असहनीय दर्द में उनके साथ हैं। देश पर लगे उन घावों को कभी नहीं भूलेंगे। भारत ने दशकों तक सीमा पार आतंकवाद का सामना किया है, लेकिन आज हमारी प्रतिक्रिया दृढ़, निर्णायक और अडिग है।
चार दिनों तक सैन्य तनाव रहा
इस अभियान के बाद तिलमिलाए पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ड्रोन हमले और सीमा पार गोलाबारी भी की थी जिससे चार दिनों तक सैन्य तनाव बना रहा। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के इन हमलों का सटीक जवाब दिया। लाहौर और गुजरांवाला के आसपास के क्षेत्रों में स्थित प्रमुख रडार प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया। तनाव बढ़ने के बाद, दोनों देशों ने अपने-अपने सैन्य अभियानों के महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच बातचीत के बाद 10 मई को युद्धविराम पर सहमति जताई।
दुनिया ने भारत की ताकत को देखा
पहलगाम हमले की आज पहली बरसी पर भारतीय सेना ने भी इस ऑपरेशन को याद करते हुए दुश्मन देश को कड़ा संदेश दिया औऱ कहा कि जब मानवता की सीमाएं पार की जाती हैं, तो जवाब निर्णायक होता है। न्याय मिलता है और भारत एकजुट है। पाकिस्तान में हमले के दौरान भारतीय सेना के दमखम और स्वदेशी हथियारों के सटीक हमले के दम पर पूरी दुनिया ने भारत की ताकत को देखा था।
ALSO READ: शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ खुले केदारनाथ के कपाट, बाबा केदार के जयकारों से गूंजा पूरा धाम


Download Android App
Download iOS App




