नई दिल्ली : पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों द्वारा भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किए जाने के बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि अपनी इस हरकत से आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान पूरी तरह बेनकाब हो गया है। पार्टी ने यह भी सवाल किया कि क्या पाकिस्तान अब अपने यहां चल रहे आतंकवादी शिविरों को खुलकर समर्थन देने लगा है? कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने पाकिस्तानी विमानों के भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने से जुड़ी खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘‘यह हास्स्यास्पद है।
तो क्या अब पाकिस्तान अपनी सरमजमीं पर चल रहे आतंकी शिविरों का खुलकर समर्थन करता है?’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस हरकत से पाकिस्तान के चेहरे से नकाब उतर गया है।’’ खबरों के मुताबिक पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ और नौशेरा सेक्टर में भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया लेकिन भारतीय विमानों ने उन्हें खदेड़ दिया।
इससे पहले मंगलवार तड़के भारतीय विमानों ने पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी शिविरों पर बमबारी की थी। यह कार्रवाई पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। पुलवामा हमले में सीआरपीएफ के कम से कम 40 जवान शहीद हो गए थे।


Download Android App
Download iOS App




