तिलमिलाए पाकिस्तान ने रोकी थार एक्सप्रेस, भारत ने बताया एकतरफा फैसला

Summary :

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि समझौता एक्सप्रेस और थार एक्सप्रेस पर पाकिस्तान द्वारा लिया गया फैसला एकतरफा है।

जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से पाकिस्तान बूरी तरह से तिलमिलाया हुआ है। बौखलाए पाकिस्तान ने अब थार एक्सप्रेस की सेवा को रोक दिया है। इससे पहले उसने समझौता एक्सप्रेस को रोक दिया था। इसकी जानकारी खुद पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख रशीद अहमद ने दी है। 
यह ट्रेन बाड़मेर के मुनाबाओ से पाकिस्‍तान के सिंध प्रांत स्थित खोखरापार के बीच चलती है। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तान ने समझौता एक्सप्रेस रोक दी थी। पाकिस्तान ने अपने ट्रेन ड्राइवर और गार्ड को समझौता एक्सप्रेस के साथ भेजने से मना कर दिया है। 

जम्मू-कश्मीर पर भारत की पहल से पाकिस्तान बेचैन : विदेश मंत्रालय

वहीं भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि समझौता एक्सप्रेस और थार एक्सप्रेस पर पाकिस्तान द्वारा लिया गया फैसला एकतरफा है। बिना हमें जानकारी दिए हुए पाकिस्तान ने ऐसा किया। रवीश कुमार ने कहा कि हमने उनसे उनके फैसले पर फिर से विचार करने को कहा है। हमें लगता है कि पाक द्वारा जो कुछ भी किया जा रहा है, वह द्विपक्षीय संबंधों की चिंताजनक तस्वीर पेश कर रहा है। 
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि यह पाकिस्तान के लिए समय है कि सच्चाई को स्वीकार करे और अन्य देशों के आंतरिक मामलों में दख्ल देना बंद कर दे। 

Desk Team