कोलकाता, 18 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई ने संगठन में नई नियुक्तियों का ऐलान किया है। प्रदेश अध्यक्ष और सांसद समिक भट्टाचार्य ने तत्काल प्रभाव से लागू होने वाली इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है। इस संबंध में प्रदेश महासचिव और कार्यालय प्रभारी शशि अग्निहोत्री की ओर से आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।
पार्टी ने सोशल मीडिया की कमान और प्रकोष्ठ संकुल में अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जानकारी के अनुसार, मेजर रित्विक पॉल (सेवानिवृत्त) को सोशल मीडिया प्रभारी के साथ-साथ प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। रित्विक पॉल पार्टी के लिए मीडिया और डिजिटल मोर्चे पर पहले भी सक्रिय रहे हैं। सोशल मीडिया को मजबूत करने की रणनीति के तहत उनकी नियुक्ति को अहम माना जा रहा है।
वहीं, प्रकोष्ठ संकुल संयोजक के तौर पर तीन नामों की घोषणा की गई है। मानस भट्टाचार्य को प्रकोष्ठ संकुल का संयोजक बनाया गया है। वे वर्तमान में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हैं। मोहन अदक को सह-संयोजक बनाया गया है, वे भी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं, जबकि श्री चंद्र कांता दास को भी सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। चंद्रकांता दास नदिया दक्षिण जिले के जिला प्रभारी भी हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह नियुक्ति संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद का हिस्सा है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल में सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों को सक्रिय करने की योजना बनाई है। प्रकोष्ठ संकुल के जरिए पार्टी अलग-अलग वर्गों जैसे शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता और सांस्कृतिक प्रकोष्ठ को एकजुट करेगी।
इस आदेश की सूचना प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के अलावा भाजपा के प्रदेश प्रभारी सुनील बंसल, प्रभारी मंगल पांडे, सह-प्रभारी अमित मालवीय, संगठन महामंत्री अमिताभ चक्रवर्ती और संयुक्त संगठन महामंत्री सतीश धोंड को भी दी गई है।
समिक भट्टाचार्य के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से लगातार संगठन में बदलाव किए जा रहे हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नए चेहरों और अनुभवी कार्यकर्ताओं के समन्वय से बंगाल में भाजपा को नई ऊर्जा मिलेगी।
–आईएएनएस
एससीएच/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



