पटना जिला प्रशासन का दावा, रसोई गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है

Summary :

पटना, 14 मार्च (आईएएनएस)। पटना जिला प्रशासन का दावा है कि जिले में रसोई गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। सभी वितरकों और गैस कंपनियों के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है। इस बीच, शनिवार को पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस एम ने अस्पतालों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों, गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ एलपीजी गैस आपूर्ति तथा वितरण व्यवस्था की समीक्षा की एवं स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि जनहित में सभी अस्पतालों एवं शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस आपूर्ति की जा रही है। अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों…

पटना, 14 मार्च (आईएएनएस)। पटना जिला प्रशासन का दावा है कि जिले में रसोई गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। सभी वितरकों और गैस कंपनियों के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है।

इस बीच, शनिवार को पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस एम ने अस्पतालों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों, गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ एलपीजी गैस आपूर्ति तथा वितरण व्यवस्था की समीक्षा की एवं स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि जनहित में सभी अस्पतालों एवं शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस आपूर्ति की जा रही है।

अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन द्वारा सिविल सर्जन एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य), पटना को नोडल ऑफिसर तथा सहायक नोडल पदाधिकारी के तौर पर प्रतिनियुक्त किया गया है। ये दोनों पदाधिकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यकता के अनुरूप एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस बैठक में आईजीआईएमएस, एम्स, पीएमसीएच, एनएमसीएच, ईएसआईसी सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सिविल सर्जन एवं डीपीएम (हेल्थ) को अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के अधीक्षकों, प्रमुखों, गैस कंपनियों के क्षेत्रीय अधिकारियों एवं सेवा प्रदाताओं से लगातार संपर्क में रहने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में शिक्षण संस्थानों आईआईटी, एनआईटी, चाणक्य राष्ट्रीय लॉ विश्वविद्यालय, निफ्ट आदि संस्थानों के भी प्रतिनिधि उपस्थित थे। इन सभी से विस्तृत रूप से चर्चा की गई तथा आवश्यकता के अनुसार गैस आपूर्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि इन सभी संस्थानों के प्रमुखों ने बताया है कि गैस आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या नहीं है।

गैस कंपनियों के क्षेत्रीय अधिकारियों ने भी बताया कि शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस की आपूर्ति की जा रही है। विद्यार्थियों एवं संस्थानों के हित में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अपर जिला दंडाधिकारी (आपूर्ति) तथा शहरी क्षेत्रों के लिए विशिष्ट पदाधिकारी अनुभाजन को सभी शैक्षणिक संस्थानों में सुचारू गैस आपूर्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।

–आईएएनएस

एमएनपी/डीके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.