Kerala में दमनकारी और सांप्रदायिक ताकतों को हराएगी जनता: अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

Summary :

Kerala में विकास का नया मॉडल लाएगी कांग्रेस

कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में केरल प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, अजय माकन समेत तमाम नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आगामी केरल विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन होगा।

खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “केरल में परिवर्तन अपरिहार्य है। कांग्रेस ने केरल के लिए विकास का प्रतिमान और जनता के लिए कल्याण का मॉडल निर्माण किया है। हम यूडीएफ के साथ सत्ता में आने की कोशिश करेंगे। अगले साल जनता राज्य में दमनकारी और सांप्रदायिक दोनों ताकतों को परास्त करेगी। हमने केरल कांग्रेस नेताओं के साथ एक बैठक की, जहां हमने अपनी राजनीतिक रणनीति और राज्य के भविष्य पर विचार-विमर्श किया।”

केरल में इस समय वाम दलों की अगुवाई में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट की सरकार है। ऐसी खबरें हैं कि केरल में कांग्रेस अध्यक्ष बदल सकता है। केपीसीसी अध्यक्ष पद पर बदलाव की स्थिति में जिन नामों पर विचार किया जा रहा है, उनमें अदूर प्रकाश और बेनी बेहनन शामिल हैं। वहीं, वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन समेत कई नेता के. सुधाकरन को पद पर बनाए रखने के पक्ष में हैं। हालांकि, मुरलीधरन ने कहा कि वह आलाकमान के फैसले को स्वीकार करेंगे, चाहे फैसला कुछ भी हो।

बिहार में इस साल के अंत में और बंगाल, असम और केरल में 2026 में चुनाव होने वाले हैं। इन सभी राज्यों में पार्टी की रणनीति को लेकर दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में केरल के नेताओं को भी बुलाया गया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.