अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर आज राष्ट्रीय युद्ध स्मारक को राष्ट्र को समर्पित करेंगे PM मोदी

Summary :

PM नरेंद्र मोदी इंडिया गेट परिसर में पत्थर से बने स्तंभ के नीचे ज्योति को प्रज्ज्वलित कर 40 एकड़ में फैले युद्ध स्मारक को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

नई दिल्ली : ‘चक्रव्यूह’ की संरचना से प्रेरणा लेते हुए बनाये गये राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का उद्घाटन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जिसमें चार वृत्ताकार परिसर होंगे और एक ऊंचा स्मृति स्तंभ भी होगा जिसके तले में अखंड ज्योति दीप्तमान रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडिया गेट परिसर में पत्थर से बने स्तंभ के नीचे ज्योति को प्रज्ज्वलित कर 40 एकड़ में फैले युद्ध स्मारक को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

modi

एकीकृत रक्षा स्टाफ के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पी एस राजेश्वर ने बताया कि 1971 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए जवानों की याद में इंडिया गेट के नीचे 1972 में प्रज्ज्वलित की गयी अमर जवान ज्योति भी इसी तरह दीप्तमान रहेगी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुल 176 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना बनाई गयी है और एक वैश्विक प्रतिस्पर्धा के माध्यम से इसकी डिजाइन चुनी गयी। राजेश्वर ने कहा, “प्रधानमंत्री सोमवार को एक समारोह में स्मारक को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस मौके पर रक्षा मंत्री, सेना, नौसेना और वायु सेना के प्रमुख तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।”

Desk Team