नई दिल्ली, 4 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर सभी को बधाई दी।
पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “आप सभी को जन्माष्टमी की अनेकानेक शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संदेशों में नि:स्वार्थ कर्म की अद्भुत प्रेरणा निहित है, जिसने मानवता का निरंतर मार्गदर्शन किया है। उनकी भक्ति और उपासना को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार करे, यही कामना है। जय श्रीकृष्ण।”
इसके साथ ही पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में सुभाषितम् भी शेयर किया। उन्होंने सुभाषितम् में संस्कृत श्लोक ‘वसुदेवसुतं देवं कंसचाणूरमर्दनम्। देवकीपरमानन्दं कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्॥’ पोस्ट किया।
इस श्लोक का हिंदी अर्थ है- ‘वसुदेव-पुत्र, देव-स्वरूप, कंस और चाणूर का संहार करने वाले, माता देवकी को परम आनन्द प्रदान करने वाले जगद्गुरु भगवान श्रीकृष्ण की मैं वन्दना करता हूं।’
बता दें कि यह प्रसिद्ध श्लोक आदि शंकराचार्य द्वारा रचित ‘कृष्णाष्टकम’ स्तोत्र से लिया गया है। इस श्लोक को इस स्तोत्र का प्रथम श्लोक या मंगलाचरण माना जाता है।
‘कृष्णाष्टकम’ अद्वैत वेदांत के महान प्रणेता जगद्गुरु आदि शंकराचार्य द्वारा रचित भगवान श्री कृष्ण की स्तुति में आठ श्लोकों का एक अत्यंत पवित्र और दिव्य स्तोत्र है।
जन्माष्टमी भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को आधी रात के वक्त भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में देवकी और वसुदेव के यहां जन्म लिया था। इसी खुशी में हर साल पूरे देश में जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।
–आईएएनएस
वीकेयू/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



