वाराणसी पहुंचे PM मोदी, काशी विश्वनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन

Summary :

प्रधानमंत्री मोदी आगरा मेट्रो रेल परियोजना का शिलान्यास करने के बाद जनसमूह को सम्बोधित करेंगे। मोदी उसके बाद गाजियाबाद जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के अपने दौरे पर कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके लिए प्रधानमंत्री सबसे पहले अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी पहुंचे है। वहां वह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर सम्पर्क मार्ग की आधारशिला रखेंगे।

बाद में, प्रधानमंत्री दीनदयाल हस्तकला संकुल में राष्ट्रीय महिला आजीविका सम्मेलन 2019 में शिरकत करेंगे और उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित भी करेंगे। मोदी वाराणसी से कानपुर जाएंगे, जहां वह पनकी ऊर्जा संयंत्र और 660 मेगावॉट बिजली उत्पादन एवं वितरण इकाई का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कानपुर से ही वीडियो लिंक के जरिये लखनऊ मेट्रो रेल परियोजना के द्वितीय चरण के तहत हुए निर्माण कार्य का भी लोकार्पण करेंगे।

PM Modi

इसके अलावा, मोदी आगरा मेट्रो रेल परियोजना का शिलान्यास करने के बाद जनसमूह को सम्बोधित करेंगे। मोदी उसके बाद गाजियाबाद जाएंगे। वहां वह दिलशाद गार्डेन—शहीद स्थल नया बस अड्डे का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वह शहीद स्थल स्टेशन से मेट्रो रेल को हरी झंडी भी दिखाएंगे।

प्रधानमंत्री हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल का भी लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वह दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ हाईस्पीड आरआरटीएस परियोजना का शिलान्यास करेंगे। वह गाजियाबाद में शिक्षा, पेयजल, साफ-सफाई, आवास तथा सीवरेज प्रबंधन से जुड़ी कई परियोजनाओं का लोकार्पण करने के बाद जनसभा को सम्बोधित करेंगे।

Desk Team