PM Modi Rajya Sabha Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। इस दौरान विपक्षी सांसदों की नारेबाजी पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा, “खड़गे जी बुजुर्ग हो चुके हैं, इसलिए उनको बैठकर नारेबाजी करने की अनुमति दी जानी चाहिए।”
प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी पर सदन में ठहाके गूंज उठे और माहौल कुछ देर के लिए हल्का हो गया। इस दौरान अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कल लोकसभा में राष्ट्रपति के संबोधन पर चर्चा नहीं हो सकी. यह संविधान का अपमान है, आदिवासी परिवार से आई महिला राष्ट्रपति का अपमान है. विपक्ष को संविधान शब्द बोलने का कोई अधिकार नहीं है।

PM Modi Rajya Sabha Highlights: विकसित भारत की यात्रा में बीते साल बने तेज प्रगति के वर्ष
पीएम मोदी ने आगे कहा कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में बीते वर्ष देश के तेज विकास के साल रहे हैं। जीवन के हर क्षेत्र और समाज के हर वर्ग के लिए यह बदलाव का समय रहा है। उन्होंने कहा कि देश सही दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बहुत ही संवेदनशीलता और प्रभावशाली तरीके से इस विकास यात्रा को संसद के सामने प्रस्तुत किया है।
PM Modi in Rajya Sabha: राष्ट्रपति के अभिभाषण में हर वर्ग की प्रगति का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मु ने मध्यम वर्ग, निम्न मध्यम वर्ग, गरीबों, गांवों, किसानों, महिलाओं, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और कृषि सहित हर क्षेत्र की प्रगति को विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि किस तरह देश के युवा भारत की ताकत को आगे बढ़ा रहे हैं और हर वर्ग की क्षमता को शब्दों में पिरोया गया है। साथ ही भारत के उज्ज्वल भविष्य को लेकर विश्वास भी व्यक्त किया गया है, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है।

21वीं सदी का दूसरा क्वार्टर होगा निर्णायक: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का पहला क्वार्टर पूरा हो चुका है, लेकिन दूसरा क्वार्टर भी उतना ही महत्वपूर्ण होने वाला है, जैसा पिछली शताब्दी में आजादी की लड़ाई का दूसरा चरण था। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में यह दौर भी बेहद सामर्थ्यवान होगा और तेज गति से आगे बढ़ेगा। देश का हर नागरिक महसूस कर रहा है कि भारत एक अहम पड़ाव पर पहुंच चुका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब न रुकना है, न पीछे मुड़कर देखना है, बल्कि पूरी ताकत से लक्ष्य की ओर बढ़ना है।
भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत, विकास दर ऊंची और महंगाई कम
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में भारत उल्लेखनीय उच्च विकास दर दर्ज कर रहा है। तेज विकास और कम मुद्रास्फीति का यह दुर्लभ संयोजन भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती और लचीलेपन को दर्शाता है।
वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती साख और ट्रेड डील्स की सफलता
पीएम मोदी ने कहा कि देश में किए गए विकास प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सबके सामने हैं। बड़े-बड़े देश भारत के साथ व्यापारिक रिश्ते मजबूत करने को उत्सुक हैं। चाहे यूरोपीय संघ के साथ ट्रेड डील हो या हाल ही में अमेरिका के साथ हुआ समझौता, पूरा विश्व इन समझौतों की सराहना कर रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी सदन में इन डील्स की विस्तृत जानकारी दी है।

ग्लोबल साउथ की बुलंद आवाज बना भारत
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया ग्लोबल साउथ की चर्चा कर रही है और भारत इसकी सबसे मजबूत आवाज बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि अब भारत के युवाओं के लिए वैश्विक बाजार खुल चुका है और उनके सामने अवसरों की कोई कमी नहीं है।
कांग्रेस के फोन बैंकिंग सिस्टम पर हमला
पीएम मोदी ने 2014 से पहले की बैंकिंग व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय फोन बैंकिंग का चलन था, जहां नेता फोन कर लोन दिलवाते थे। योग्य मूल्यांकन के बजाय सिफारिशों के आधार पर कर्ज दिए जाते थे। गरीबों को लोन नहीं मिल पाता था और देश की करीब 50 प्रतिशत आबादी के पास बैंक खाता तक नहीं था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की सिफारिश पर लाखों रुपये उन लोगों को दिए गए जिन्होंने कभी पैसा लौटाया ही नहीं, जिससे बैंकिंग सिस्टम कमजोर हो गया।
टीएमसी पर तीखा हमला, बंगाल के भविष्य को बताया अंधकारमय
प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी नेताओं को दूसरों पर बोलने से पहले अपनी सरकार की स्थिति देखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में निर्ममता के नए-नए रिकॉर्ड बन रहे हैं और वहां की सरकार लोगों का भविष्य अंधकार में धकेल रही है। पीएम मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया अवैध घुसपैठियों को बाहर निकाल रही है, लेकिन भारत में उन्हें बचाने के लिए अदालतों पर दबाव डाला जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि देश का युवा उन लोगों को कैसे माफ करेगा जो उसका हक छीन रहे हैं।
कांग्रेस की ‘लटकाओ-अटकाओ-भटकाओ’ कार्यशैली पर प्रहार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकारों का काम करने का तरीका हमेशा योजनाओं को लटकाने, अटकाने और भटकाने का रहा है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि कांग्रेस आज भी जीप और खच्चर वाले मॉडल से आगे नहीं बढ़ पाई है।
नर्मदा बांध का उदाहरण देकर कांग्रेस पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने उनके जन्म से पहले नर्मदा नदी पर बांध बनाने की कल्पना की थी। नेहरू ने उसका शिलान्यास किया, लेकिन उसका उद्घाटन उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के बाद किया। उन्होंने कहा कि एक योजना जो 900 करोड़ में पूरी होनी थी, कांग्रेस शासन में उसे 90 हजार करोड़ तक पहुंचा दिया गया।
पिछड़े जिलों को बदलने का संकल्प और बस्तर का उदाहरण
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले कई जिलों को पिछड़ा मानकर छोड़ दिया गया था, जिससे वहां के लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने इन इलाकों में युवा अधिकारियों को तीन साल की जिम्मेदारी देकर हालात बदले। उन्होंने छत्तीसगढ़ के बस्तर का उदाहरण देते हुए कहा कि आज वहां विकास गांव-गांव तक पहुंच रहा है और बस्तर ऑलंपिक जैसे आयोजनों से नई पहचान बनी है।
दशकों से लटकी परियोजनाओं को किया पूरा
पीएम मोदी ने जम्मू-उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लाइन का जिक्र करते हुए कहा कि यह परियोजना करीब 30 सालों से अटकी हुई थी। अब बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच वंदे भारत ट्रेन चल रही है। उन्होंने असम के बोगीबील ब्रिज का भी उदाहरण दिया और बताया कि प्रगति योजना के तहत काम की समीक्षा कर इसे पूरा किया गया, जिससे नॉर्थ ईस्ट को बड़ी सुविधा मिली।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस केवल योजनाओं की घोषणा करती थी, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने का कोई इरादा नहीं होता था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इम्प्लीमेंटेशन पर जोर देकर देश में बड़े बदलाव किए हैं, जो आज हर जगह नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ‘ कल सदन में PM मोदी के साथ कुछ भी हो सकता था…’, अभिभाषण टलने पर ओम बिरला ने किया बड़ा खुलासा


Download Android App
Download iOS App




