पाकिस्तान राष्ट्रीय दिवस पर क्या मोदी ने इमरान को भेजी है शुभकामना, बताये PMO : कांग्रेस

Summary :

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के लोगों को राष्ट्रीय दिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री कार्यालय से इस बात की पुष्टि करने को कहा है कि क्या पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस की पूर्व संध्या पर नरेंद्र मोदी और उनके पाकिस्तानी समकक्ष इमरान खान के बीच शुभकामनाओं का आदान-प्रदान हुआ है। भारत ने यहां पाकिस्तान उच्चायोग में इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का बहिष्कार किया था।

कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने शुक्रवार को पूछा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का दावा कि मोदी ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर उन्हें शुभकामना भेजी है, क्या यह सही है। उन्होंने ट्विटर पर पूछा, ”मैं उम्मीद करती हूं कि भारत का पीएमओ स्पष्ट करेगा कि इमरान खान ने जो ट्वीट किया है वह उनके बीच हुए शुभकामना संदेश के आदान-प्रदान का सही वर्जन है या फिर उनके बीच शुभकामनाओं का आदान-प्रदान हुआ भी है, विशेषकर तब जब भारत में सरकार ने उनके एक कार्यक्रम का बहिष्कार किया हो। राष्ट्र यह जानना चाहेगा।”

दरअसल, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने शुक्रवार को कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के लोगों को राष्ट्रीय दिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इमरान खान ने ट्विटर पर कहा कि पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस पर मोदी का संदेश मिला, जिसमें उन्होंने लिखा, ”मैं पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस पर पाकिस्तान के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। यह समय है कि उपमहाद्वीप के लोग आतंक और हिंसा से मुक्त होकर एक साथ मिलकर इस क्षेत्र की लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण, प्रगति एवं समृद्धि के लिए काम करें।”

imran tweet

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ”मैं प्रधानमंत्री मोदी के हमारे लोगों को दिए गए संदेश का स्वागत करता हूं। हम पाकिस्तान दिवस मना रहे हैं और मैं मानता हूं कि यह भारत के साथ एक व्यापक बातचीत शुरू करने और विशेष रूप से कश्मीर के प्रमुख मुद्दे समेत सभी मुद्दों को हल करने और हमारे सभी लोगों के लिए शांति एवं समृद्धि पर आधारित एक नया संबंध बनाने का समय है।”

imran tweet

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने नई दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग में ‘पाकिस्तान नेशनल डे’ समारोह में किसी भी आधिकारिक प्रतिनिधि को नहीं भेजने का फैसला किया है। भारत 23 मार्च को आयोजित होने जा रहे ‘पाकिस्तान नेशनल डे’ का बहिष्कार कर रहा है। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेताओं को भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया है।

Desk Team