PM Modi ने दिव्यांग कलाकार की पेंटिंग पर हस्ताक्षर कर दिया रिटर्न गिफ्ट

Summary :

पीएम मोदी ने मनोज की पेंटिंग को बनाया अनमोल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर गुजरात में हैं। सूरत में उन्होंने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने एक दिव्यांग फाइन आर्टिस्ट मनोज की पेंटिंग पर हस्ताक्षर भी किए।

मनोज ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि वह पीएम मोदी को पेंटिंग गिफ्ट करना चाहते थे, लेकिन प्रधानमंत्री ने उस पर हस्ताक्षर करके उन्हें ही रिटर्न गिफ्ट दे दिया।

सूरत की सभा में दोनों हाथों से दिव्यांग मनोज की एक पेंटिंग पर प्रधानमंत्री की नजर पड़ी। पेंटिंग में पीएम मोदी भगवान राम को प्रणाम करते हुए, राम मंदिर को दिखाया गया था। उन्होंने पेंटिंग पर अपने हस्ताक्षर करते हुए लिखा ‘प्रिय मनोज, अद्भुत… खूब-खूब अभिनंदन…।’

पीएम मोदी ने पेंटिंग बनाने वाले दिव्यांग कलाकार मनोज को मंच के पीछे बुलाकर उनसे मुलाकात भी की।

मनोज ने आईएएनएस को बताया, “पीएम मोदी ने स्टेज के पास बुलाकर मुझे गले लगा लिया। पेंटिंग कैसे बनाई, उसके बारे में पूछा।”

मनोज की मानें तो यह पेंटिंग वह पीएम मोदी को गिफ्ट करने के लिए लाए थे लेकिन, “पीएम ने इस पर हस्ताक्षर करके मुझे रिटर्न गिफ्ट दे दिया”। मनोज ने कहा कि यूं तो यह एक साधारण पेंटिंग थी, लेकिन पीएम मोदी ने हस्ताक्षर करके इसे अनमोल बना दिया।

उन्होंने बताया, “पेंटिंग बनाने में 15-20 दिन का समय लगा। पीएम मोदी जब आ रहे थे, हम पेंटिंग लेकर खड़े थे। उन्होंने इस पर हमें ऑटोग्राफ दिया। मैंने उनके साथ एक फोटो लेने की इच्छा जताई, जिस पर उन्होंने स्टेज के पीछे मिलने को कहा। इसके बाद पीएम मोदी से बैक स्टेज हमसे मुलाकात की। उन्होंने मेरे काम के बारे में पूछा। मैंने पीएम मोदी को बताया कि मैंने फाइन आर्ट्स किया हुआ और फाइन आर्टिस्ट के तौर पर काम करता हूं।”

उन्होंने बताया, “मेरा हमेशा प्रयास रहता है कि अधिक से अधिक लोग मेरी कला को पहचाने। पीएम मोदी देश के बहुत लाड़ले हैं, मेरी इच्छा थी कि उन्हें मेरी कला के बारे में पता चले। आज मुझे बहुत खुशी हो रही है। हमने कई नेताओं को देखा, लेकिन पीएम मोदी की तरह किसी को नहीं देखा, जो छोटे-छोटे व्यक्तियों का सम्मान करते हैं।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.