प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि सरकार घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिल को शून्य पर लाने के लिए काम कर रही है। मोदी ने असम में कई प्रमुख परियोजनाओं का अनावरण करते हुए कहा, “बीते 10 वर्षों में हमने हर घर तक बिजली पहुंचाने का अभियान चलाया। अब बिजली का बिल भी ज़ीरो करने के लिए हम आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में एक करोड़ घरों के लिए छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने से शून्य बिजली बिल प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
- 10 वर्षों में हर घर तक बिजली पहुंचाने का अभियान
- रूफ टॉप लगाने के लिए सरकार मदद करेगी
- दो करोड़ बहनों को लखपति बनाने की गारंटी
रूफटॉप सोलर की बहुत बड़ी योजना
मोदी ने यहां एक विशाल सार्वजनिक रैली में कहा, “बजट में सरकार ने रूफटॉप सोलर की बहुत बड़ी योजना का ऐलान किया है। इस योजना के तहत प्रारम्भ में एक करोड़ परिवारों को सोलर रूफ टॉप लगाने के लिए सरकार मदद करेगी। इससे उनका बिजली का बिल भी ज़ीरो होगा और साथ ही सामान्य परिवार अपने घर पर बिजली पैदा करके, बिजली बेचकर के कमाई भी करेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नवीनतम बजट में अगले एक वर्ष में बुनियादी ढांचे के विकास में कम से कम 11 लाख करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की गई है।
दो करोड़ बहनों को लखपति बनाने की गारंटी
मोदी ने कहा, “2014 के पहले 10 वर्षों में कुल 12 लाख करोड़ रुपए इंफ्रास्ट्रक्चर का बजट रहा…। यानि जितना पहले की केंद्र सरकार ने अपने 10 साल में खर्च किया था, करीब-करीब उतनी राशि हमारी सरकार अगले एक साल में खर्च करने जा रही है। उन्होंने कहा, “मैंने देश की दो करोड़ बहनों को लखपति बनाने की गारंटी दी थी। मुझे प्राथमिक जानकारी मिली है कि अब तक हमारी एक करोड़ बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं।
तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाया
अब इस बजट में हमने लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य को और बढ़ा दिया है। अब दो करोड़ की बजाय तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाया जाएगा। मोदी ने कहा कि रविवार को गुवाहाटी में उनकी रैली में कुछ लखपति दीदियां भी शामिल होने आईं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में स्थिति बड़े पैमाने पर बदल गई है। आने वाले वर्षों में असम और पूर्वोत्तर व्यापार-कारोबार का केंद्र बनेगा।


Download Android App
Download iOS App






