प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो फरवरी दिन शुक्रवार को यहां भारत मंडपम में देश की सबसे बड़ी और अपनी श्रेणी की पहली ‘भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2024′ को संबोधित करेंगे। बृहस्पतिवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, संपूर्ण परिवहन-संपर्क और मोटर-वाहन उद्योग मूल्य श्रृंखलाओं में भारत की क्षमताओं का प्रदर्शन करेगा।
एक्सपो में 50 देशों की 800 से ज्यादा कंपनियां ले रहीं हिस्सा
एक्सपो में प्रदर्शनियां, सम्मेलन, क्रेता-विक्रेता बैठकें, राज्य सत्र, सड़क सुरक्षा मंडप और गो-कार्टिंग जैसे जन-केंद्रित आकर्षण भी शामिल होंगे। बयान में कहा गया कि 50 से अधिक देशों के 800 से अधिक प्रदर्शनी-आयोजकों के साथ, एक्सपो अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों, स्थायी समाधानों और परिवहन की नई तकनीकों पर प्रकाश डालेगा। बयान के अनुसार, एक्सपो में 600 से अधिक वाहन कल-पुर्जा निर्माताओं के अलावा, 28 से अधिक वाहन निर्माताओं की भागीदारी होगी।
इस कार्यक्रम में 13 से अधिक वैश्विक बाजारों के 1000 से अधिक ब्रांड अपने उत्पादों, प्रौद्योगिकियों और सेवाओं की पूरी श्रृंखला का प्रदर्शन करेंगे। इसमें कहा गया कि प्रदर्शनी और सम्मेलनों के साथ-साथ इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय और क्षेत्रीय, दोनों स्तरों पर सहयोग को सक्षम करने के लिए क्षेत्रीय योगदान और पहलों को प्रदर्शित करने के संदर्भ में राज्यों के लिए भी सत्र आयोजित होंगे, ताकि परिवहन-संपर्क समाधानों के लिए समग्र दृष्टिकोण को बढ़ावा दिया जा सके।


Download Android App
Download iOS App



