Gujrat दौरे पर PM Modi, वनतारा और सोमनाथ मंदिर का करेंगे दौरा

Summary :

प्रधानमंत्री मोदी का गुजरात दौरा, वनतारा और सोमनाथ मंदिर की यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले तीन दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचे। पीएम मोदी रविवार को रिलायंस जामनगर रिफाइनरी परिसर में 3000 एकड़ में फैले वनतारा का दौरा करेंगे।

रिलायंस इंडस्ट्रीज और रिलायंस फाउंडेशन द्वारा जामनगर में रिफाइनरी परिसर के भीतर लगभग 3,000 एकड़ क्षेत्र में स्थापित वनतारा एक अत्याधुनिक पशु बचाव, संरक्षण और पुनर्वास केंद्र है। हाल ही में वनतारा को पशु कल्याण को लेकर किए जा रहे कार्य के लिए सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय प्राणी मित्र अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

अपने गुजरात प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर का प्रबंधन करने वाले श्री सोमनाथ ट्रस्ट की एक बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।

गुजरात भाजपा इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आत्मनिर्भर भारत के प्रणेता, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, गुजरात के गौरवशाली सपूत एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुजरात की पावन धरती पर हार्दिक स्वागत है।”

वहीं 3 मार्च को पीएम मोदी सुबह 6 बजे गिर राष्ट्रीय उद्यान में सफारी से अपने दिन की शुरुआत करेंगे और एशियाई शेरों को देखेंगे। वह जूनागढ़ जिले के सासन में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

इस तरह की बैठकों में वन्यजीवों से संबंधित राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों पर चर्चा की जाती है और उन्हें अंतिम रूप दिया जाता है। यह बैठक इसलिए खास है क्योंकि इसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री करेंगे। एनबीडब्ल्यूएल में 47 सदस्य हैं, जिनमें सेना प्रमुख, विभिन्न राज्यों के सदस्य, इस क्षेत्र में काम करने वाले गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि, मुख्य वन्यजीव वार्डन और विभिन्न राज्यों के सचिव शामिल हैं।

बैठक के बाद प्रधानमंत्री सासन में कुछ महिला वन कर्मचारियों से बातचीत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री गिर सोमनाथ जिले में स्थित सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। सोमनाथ से वह राजकोट हवाई अड्डे पहुंचेंगे और दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.