PM Modi’s Independence Day speech: आज 15 अगस्त 2026 है और पूरा देश आजादी के जश्न में डूबा हुआ है। भारत आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। देशभर में तिरंगा शान से लहरा रहा है और जगह-जगह आजादी के जश्न से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आजादी का सबसे बड़ा समारोह ऐतिहासिक लाल किले पर हो रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे। इसके बाद वह लगातार 13वीं बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश को संबोधित करेंगे। उनके भाषण पर देशभर की नजरें टिकी हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस साल का स्वतंत्रता दिवस समारोह देखें तो, वो कई मायनों में खास है। इस बार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की विरासत के 150 साल पूरे होने का जश्न भी मनाया जा रहा है। समारोह के दौरान पहली बार लाल किले में ‘वंदे मातरम’ का गायन किया जाएगा। इसके अलावा आज के कार्यक्रम में 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य और देश की युवा शक्ति को खास तौर पर केंद्र में रखा गया है। युवाओं की ऊर्जा, सपनों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को समारोह में प्रमुखता दी जा रही है।
सुबह से शुरू हुआ स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम
लाल किले पर आज सुबह से ही स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां और कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे और लाल किले की प्राचीर की ओर रवाना होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे। इस दौरान कैप्टन सोनिया सिंह चौहान उनकी सहायता करेंगी। ध्वजारोहण के साथ 1721 फील्ड बैटरी के तोपची 21 तोपों की सलामी देंगे। इसके बाद दो एमआई-17 हेलीकॉप्टरों से लाल किले के ऊपर फूलों की पंखुड़ियां बरसाई जाएंगी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को अपना स्वतंत्रता दिवस संबोधन देंगे।
भाषण के बाद गूंजेगा ‘वंदे मातरम’
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद आज के समारोह में एक खास प्रस्तुति होगी। राष्ट्रगान के बाद राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेट और ‘माई भारत’ के स्वयंसेवक ‘वंदे मातरम’ का गायन करेंगे। इस साल ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ के कारण यह कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है।
TV पर कहां देखें PM मोदी का भाषण?
- आज स्वतंत्रता दिवस समारोह का सीधा प्रसारण सुबह 6:30 बजे से दूरदर्शन पर किया जा रहा है।
- दर्शक डीडी नेशनल, डीडी न्यूज और दूरदर्शन के अन्य चैनलों पर लाल किले के कार्यक्रम को लाइव देख सकते हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण Punjab Kesari. com की वेबसाइट के माध्यम से लाइव अपडेट दिए जाएंगे।
मोबाइल और YouTube पर ऐसे देखें लाइव
- अगर आप घर बैठे मोबाइल या लैपटॉप पर स्वतंत्रता दिवस समारोह देखना चाहते हैं तो ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।
- वहीं, प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के आधिकारिक YouTube चैनल और एक्स अकाउंट @PIB_India पर समारोह का सीधा प्रसारण किया जा रहा है।
- प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक YouTube चैनल पर भी पीएम मोदी का भाषण लाइव देखा जा सकता है।
- इसके अलावा दूरदर्शन के आधिकारिक YouTube चैनल पर भी आज के स्वतंत्रता दिवस समारोह की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध है।
WAVES पर भी देख सकते हैं समारोह
- प्रसार भारती के डिजिटल प्लेटफॉर्म WAVES के जरिए भी आज के स्वतंत्रता दिवस समारोह को ऑनलाइन देखा जा सकता है।
- यहां दूरदर्शन के चैनलों और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहती है।
- आज का दिन हर भारतीय के लिए गर्व का अवसर है।
- देश 80वें स्वतंत्रता दिवस पर अपने वीर शहीदों के बलिदान को याद कर रहा है और साथ ही 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रण ले रहा है।
यह भी पढ़ें: कोलकाता के सियालदह रेलवे स्टेशन पर बंटवारे को याद करने से जुड़े स्मारक के लिए भूमि पूजन किया गया



Download Android App
Download iOS App




