Independence day : स्वतंत्रता दिवस पर लालकिले में होने वाले मुख्य समारोह को लेकर दिल्ली में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। प्रधानमंत्री के लालकिले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करने और समारोह में वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। लालकिले के आसपास 15 अगस्त की सुबह 4 बजे से 10 बजे तक सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
ऐसे में लालकिला, जामा मस्जिद, कश्मीरी गेट और पुरानी दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को इस दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड और रिंग रोड के कुछ हिस्सों पर यातायात प्रभावित रहेगा। इन मार्गों पर सामान्य वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे में पुरानी दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सफर के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। वहीं, भारी वाहनों और बसों पर लागू होने वाले कुछ प्रतिबंध 14 अगस्त की रात 12 बजे से ही शुरू हो जाएंगे।
रात 12 बजे से भारी वाहनों की एंट्री बंद
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त की रात 12 बजे से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक भारी और मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद ब्रिज के बीच इन वाहनों को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी अवधि में महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच इंटर स्टेट बसों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।
डीटीसी समेत लोकल बसों के रूट बदलेंगे
स्वतंत्रता दिवस के दौरान डीटीसी समेत लोकल सिटी बसों की आवाजाही भी प्रभावित रहेगी। 14 अगस्त की रात 12 बजे से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक आईएसबीटी कश्मीरी गेट और रिंग रोड के बीच निर्धारित रूट पर सिटी बसें नहीं चलेंगी। इन्हें वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। साथ ही लालकिला, जामा मस्जिद और दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली कई बसों के रूट और अंतिम पड़ाव भी बदले जाएंगे। साउथ और वेस्ट दिल्ली से आने वाली बसों को जेएलएन मार्ग पर रामलीला मैदान के सामने रोका या डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली की ओर से आने वाली बसों को मोरी गेट और तीस हजारी की तरफ भेजा जाएगा। रिंग रोड के रास्ते नॉर्थ दिल्ली की ओर आने वाली बसों को महाराजा अग्रसेन पार्क के पास रोका या डायवर्ट किया जाएगा।
साउथ से नॉर्थ दिल्ली जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते
ट्रैफिक पुलिस ने साउथ और नॉर्थ दिल्ली के बीच आवाजाही करने वाले वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए हैं। वाहन चालक ऑरोबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा रिंग रोड, आउटर रिंग रोड और बाईपास के रास्ते भी यातायात को आगे बढ़ाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 15 अगस्त को लालकिले और पुरानी दिल्ली के आसपास अनावश्यक यात्रा से बचें। जरूरी काम से निकलने वाले लोग घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर जांच लें और सफर के लिए अतिरिक्त समय रखें। सामान्य बस सेवाएं 15 अगस्त को सुबह 11 बजे के बाद बहाल कर दी जाएंगी।



Download Android App
Download iOS App




