Oman Cargo Ship Attack: एक बार फिर भारतीय जहाज पर हमले की खबर सामने आई है। दरअसल, ओमान के समुद्री क्षेत्र में भारतीय कार्गो जहाज को निशाना बनाया गया है। जिसमें एक भारतीय नाविक की जान चली गई है। वहीं जहाज पर मौजूद अन्य 13 भारतीयों को ओमान के कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित बचा लिया है। घटना के बाद भारत सरकार ने सभी नाविकों को सहायता पहुंचाने और उन्हें जल्द स्वदेश लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय शिपिंग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि भारतीय झंडे वाला कार्गो जहाज MSV Al Jusufi सोमवार को ओमान के तट के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात हवाई वस्तु से जहाज को निशाना बनाया गया। हमले के समय जहाज पर 14 भारतीय नाविक मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद ओमान के कोस्ट गार्ड ने तुरंत बचाव अभियान चलाया। इस दौरान 13 नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। लेकिन, हमले में गंभीर रूप से घायल हुआ एक नाविक जिंदगी की जंग हार गया। इस घटना के बाद जहाज पर सवार कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
गुजरात के नाविक ने गंवाई जान
हमले में जान गंवाने वाले नाविक की पहचान गुजरात निवासी गंधार नाहीम अजीज के रूप में हुई है। उनकी मौत की खबर से परिवार में दुख का माहौल है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना पर दुख जताया। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ है। मंत्री ने कहा कि भारतीय शिपिंग मंत्रालय और ओमान में स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। सरकार की ओर से सुरक्षित बचे नाविकों को जरूरी मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
हमले के बाद सरकार ने सभी सुरक्षित नाविकों को जल्द भारत वापस लाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। इसके साथ ही मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को भी स्वदेश लाने की कोशिश की जा रही है। इस पूरी प्रक्रिया में भारतीय दूतावास और ओमान के स्थानीय अधिकारी सहयोग कर रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता सभी प्रभावित नाविकों को सुरक्षित भारत पहुंचाना है।
खाड़ी क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
ओमान के पास भारतीय जहाज पर हमला ऐसे समय में हुआ है, जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध और हूतियों के सऊदी अरब पर हमलों के कारण समुद्री रास्तों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पहले भारतीय झंडे वाले जहाजों पर हमले की घटनाएं कम होती थीं।
लेकिन अब समुद्र के रास्ते सफर करने वाले जहाजों और उन पर काम करने वाले नाविकों की सुरक्षा एक बड़ी चिंता बन गई है। खाड़ी क्षेत्र के समुद्री रास्ते भारत के व्यापार के लिए बहुत जरूरी हैं। ऐसे में यहां होने वाले हमलों का असर भारतीय नाविकों की सुरक्षा और देश के समुद्री व्यापार पर भी पड़ सकता है।
इस साल 22 भारतीय नागरिकों की मौत
सरकार की ओर से पिछले हफ्ते जारी आंकड़ों के अनुसार, इस साल फरवरी में अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले शुरू होने के बाद से कम से कम 22 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है।
इनमें 14 समुद्री जहाजों पर काम करने वाले नाविक थे। यह डाटा बताता है कि खाड़ी क्षेत्र में जारी जंग का असर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर भी पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें: एफबीआई ने उत्तर कोरिया पर लगाया क्रिप्टो चोरी का आरोप, भड़की किम जोंग उन की बहन, बताया ‘राजनीतिक साजिश’


Download Android App
Download iOS App




