West Delhi Crime News : पश्चिमी दिल्ली में एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े एक कथित कूरियर को गिरफ्तार कर 18 ग्राम एमडीएमए बरामद किया है। आरोपी की पहचान नाइजीरिया के अनाम्ब्रा स्टेट निवासी 26 वर्षीय उगोम्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से ड्रग सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही टीवीएस एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की है। पुलिस अब आरोपी के कथित हैंडलर और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त की रात करीब 1:50 बजे एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड को सूचना मिली थी कि ईस्ट पंजाबी बाग गोल चक्कर के पास एक विदेशी नागरिक भारी मात्रा में एमडीएमए लेकर पहुंचने वाला है। इंस्पेक्टर अमित धानी की टीम ने सूचना के आधार पर रिंग रोड की सर्विस रोड पर जाल बिछाया। कुछ देर बाद स्कूटी सवार संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 18 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ।
डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि एसीपी ऑपरेशन राजेश कुमार की देखरेख में नारकोटिक्स इंस्पेक्टर अमित धानी के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर चंद्रशेखर, संदीप, हेड कांस्टेबल विनोद, दिनेश और कांस्टेबल अंकित और विशाल की टीम ने यह कार्रवाई की है। हैंडलर के इशारे पर करता था डिलीवरीप्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर अनजान लोगों से नशीला पदार्थ लेकर अपने हैंडलर इकेन के निर्देश पर तय लोगों तक पहुंचाता था।
डिलीवरी की जगह और मिलने वाले व्यक्ति की जानकारी उसे कथित तौर पर व्हाट्सऐप कॉल के जरिए दी जाती थी। पुलिस के मुताबिक, उसे इस काम के बदले करीब 25 हजार रुपये प्रतिमाह मिलते थे और हर सप्ताह कैश भुगतान हैंडलर के साथी करते थे। इस संबंध में थाना पंजाबी बाग में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।



Download Android App
Download iOS App




