महाराष्ट्र के नासिक के ढिंढोरी में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज हर आतंकी को पता है कि अगर देश के किसी हिस्से में बम धमाका किया, तो यह मोदी है, यह उन्हें पाताल में भी खोज कर सजा देगा, उन्हें खत्म करेगा।
उन्होंने कहा कि सिर्फ सरकार नहीं हर हिंदुस्तानी आज सीना तानकर खड़ा है। दुनिया में भारत और भारतवासियों की ये जय जयकार आपके एक वोट के कारण हो रही है। ये आपके वोट की ताकत है कि आज भारत अपने सामने मौजूद चुनौतियों का डटकर सामना कर रहा है।
पीएम ने कहा कि 2014 से पहले भारत की स्थिति क्या थी, आये दिन देश के अलग-अलग कोने में बम धमाके होते थे, और तब खुद को बहुत अनुभवी बताने वाली कांग्रेस और एनसीपी की सरकार सिर्फ शोक सभाएं करती थी और दुनिया में पाकिस्तान के नाम पर रोती रहती थी।
अपनी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य को जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने देश के विकास को दो पटरियों पर एक साथ चलाया है। एक तरफ सामान्य मानवी के जीवन स्तर को ऊपर उठाना और दूसरी तरफ 21वीं सदी के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास करना। उन्होंने कहा, एक तरफ हम देश के हर गरीब परिवार के लिए प्रतिवर्ष 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित कर रहे हैं। और दूसरी तरफ हर 3 संसदीय क्षेत्रों के बीच एक मेडिकल कॉलेज और गांवों में डेढ़ लाख से अधिक आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र बना रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि डाकिये के माध्यम से बैंक की सेवाओं को गांव-गरीब के दरवाजे पर खड़ा कर रहे हैं, डाकियों के वेतन में उचित वृद्धि का काम भी हमारी ही सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ हम डिजिटल लेन-देन के लिए देश को प्रोत्साहित कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अब गांव-गांव के डाकघरों को भी बैंकों में बदल रहे हैं।
आदिवासियों के लिए किए जा रहे कार्यों का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि आदिवासी बच्चों की पढ़ाई के लिए देशभर में एकलव्य मॉडल स्कूल खोले जा रहे हैं। आदिवासी युवाओं के खेल कौशल को निखारने के लिए आदिवासी क्षेत्रों में खेल से जुड़ी सुविधाएं स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि अपने अन्नदाताओं के लिए हमारी सरकार ने बीज से बाजार से मजबूत व्यवस्था बनाई है। 22 फसलों की लागत का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने का वादा हमने पूरा किया है।
पीएम ने कहा कि आदिवासी हस्तशिल्प का प्रचार-प्रसार करने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था को मजबूत किया गया है। आदिवासी साथियों की कमाई के लिए वन उपजों को समर्थन मूल्य के दायरे में लाया गया है। वन उपजों का अधिक मूल्य मिले, इसके लिए वनधन केंद्र खोले जा रहे हैं।
किसान योजना पर बोलते हुए पीएम ने कहा कि 23 मई को जब फिर एक बार मोदी सरकार आएगी तो महाराष्ट्र के सभी किसानों को किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा फसलों की स्टोरेज क्षमता को बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारी सरकार बिचौलियों के राज को खत्म करने के लिए काम कर रही है। जैसे डेयरी सेक्टर में सहकारी संगठन होते हैं, वैसे ही अन्य कृषि सेक्टरों में FPO बनाए जा रहे हैं। देश में 22 हजार से ज्यादा ग्रामीण हाटों को भी विकसित किया जा रहा है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि पार्टी (कांग्रेस) बिचौलियों को फायदा पहुंचाने के लिए फसलों की कीमत से खेलती है। जैसे ही महंगाई जरा भी बढ़ती है। कांग्रेस अपने दरबारियों को मध्यम वर्ग की ग्रहणियों के पास भेजकर इंटरव्यू कराती है।
उन्होंने कहा, जब दाम गिर जाते हैं तो किसान के पास पहुंच जाते हैं और किसान की बाइट दिखवाते हैं कि किसान लुट गया। लेकिन बिचौलिए जो माल खा जाते उनकी हकीकत किसी को नहीं पता लगती। प्रधानमंत्री ने कहा कि नदियों के पानी को लेकर कांग्रेस अफवाह फैला रही है, आपकी इच्छा के खिलाफ कोई कुछ नहीं करेगा। HAL को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है, कांग्रेस ने HAL को खत्म कर दिया लेकिन हमने मेक इन इंडिया के तहत नए डिफेंस कॉरिडोर बना रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App





