पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तरफ से बुधवार को आयोजित इफ्तार पार्टी में शिरकत करेंगे। पहले मीडिया में ऐसी खबरें आई थीं कि कांग्रेस की ओर से प्रणब मुखर्जी को इफ्तार पार्टी के लिए न्योता नहीं भेजा गया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने सोमवार की रात को ट्विटर पर जानकारी दी कि राहुल गांधी ने प्रणब मुखर्जी को इफ्तार में आने का न्योता दिया है जिसे पूर्व राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद राहुल की तरफ से यह पहली इफ्तार पार्टी है।
कांग्रेस दो साल बाद इस वर्ष ताज पैलेस में इफ्तार पार्टी का आयोजन कर रही है जिसमें कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेताओं के अलावा विपक्ष के भी नेताओं को आमंत्रित किया गया है। बता दें कि प्रणब मुखर्जी ने सात जून को नागपुर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में हिस्सा लिया था। इसके बाद यह अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि कांग्रेस की तरफ से संभवत प्रणब मुखर्जी को इफ्तार का निमंत्रण नहीं भेजा जाए।
सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कई मीडिया घरानों ने कांग्रेस अध्यक्ष की तरफ से इफ्तार के आयोजन में मुखर्जी को न्यौता देने को लेकर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने लिखा कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रणब मुखर्जी को न्योता भेजा है जिसे पूर्व राष्ट्रपति ने स्वीकार भी कर लिया है। इसके बाद मुखर्जी को इफ्तार पार्टी के न्योते को लेकर लगाई जा रही अनचाही अटकलों पर अब शायद विराम लग जायेगा।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



