देहरादून, 1 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पटेलनगर थाना क्षेत्र के नयागांव के पास हुई इस मुठभेड़ में मोटरसाइकिल सवार दो आरोपी शमीम और शहजाद गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों का हरिद्वार और देहरादून में आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, पटेलनगर क्षेत्र में देर रात नयागांव के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने फर्जी नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, मोटरसाइकिल चालक चेकिंग पॉइंट पर रुकने के बजाय बाइक लेकर बुडपुर की तरफ भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस का आरोप है कि पीछा किए जाने के दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस वाहन पर भी गोली चलाई गई, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस और आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपियों को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया।
घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के इरादे से इलाके में निकले थे। हालांकि, इन दावों की जांच की जा रही है।
घायल आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक के रूप में हुई है। दोनों हरिद्वार जिले के रुड़की के रहने वाले हैं। शमीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी पहले कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
–आईएएनएस
एसएके/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



