प्रयागराज, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी स्क्रीनिंग परीक्षा-2025 का आयोजन रविवार को किया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे अभ्यर्थियों में इस परीक्षा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कई अभ्यर्थी दूरदराज के जिलों से परीक्षा देने पहुंचे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज में इस परीक्षा के लिए कुल 17,487 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जिनके लिए 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आयोग और जिला प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और सघन चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।
परीक्षा में शामिल होने आईं अभ्यर्थी दीक्षा यादव ने कहा, “अभी पढ़ाई ठीक चल रही है। पेपर कैसा जाएगी, यह पेपर पर निर्भर करता है। व्यवस्था ठीक है। यह परीक्षा 20 साल बाद आई है। पिछली बार 2005 में हुई थी और अब 2026 में हो रही है, इसलिए उत्साह बहुत है।”
वहीं, भदोही जिले से परीक्षा देने आए अभ्यर्थी श्याम मौर्य ने कहा, “यह उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी का पेपर है। हम लोग अपने जिले से चलकर यहां पेपर देने आए हैं। यहां काफी अच्छी व्यवस्था की गई है। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए अच्छे से चेकिंग करके ही अंदर जाने दिया जा रहा है।”
उन्होंने कहा, “हम लोगों में बहुत उत्साह है क्योंकि यह पेपर बहुत सालों बाद हो रहा है। हमें उम्मीद है कि हमारी मेहनत रंग लाएगी। हम पूरी तैयारी के साथ आए हैं और उम्मीद है कि इस बार चयन हो जाएगा।”
गौरतलब है कि स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी के पद पर भर्ती को लेकर युवाओं में लंबे समय से इंतजार था। यह भर्ती परीक्षा लगभग 21 साल के लंबे अंतराल के बाद हो रही है। इससे पहले इस पद के लिए आखिरी बार 2005 में भर्ती निकाली गई थी।
–आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



