Premanand Ji Maharaj Flat Fire: मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज, श्रीकृष्ण शरणम् के जिस फ्लैट में रहा करते थे, उसमें शनिवार रात अचानक आग लग गई। मिली जानकारी के मुताबिक, ये आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि फ्लैट में रखा सारा सामान जल गया। गनीमत वाली बात ये है कि प्रेमानंद महाराज अब इस फ्लैट में नहीं रहते हैं, अब वह केलीकुंज स्थित आश्रम में निवास करते हैं। आश्रम की ओर से आग लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है, लेकिन पड़ोसियों ने घटना की जानकारी दी।
Shri Krishna Sharanam Society Fire: प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में लगी आग

शनिवार को देर रात छटीकरा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण शरणम् सोसायटी के फ्लैट नंबर 212, जिसमें संत प्रेमानंद महाराज का आवास है, उसमें अचानक आग लग गई। प्लास्टिक जलने की दुर्गंध आने के बाद आसपास के लोगों को आग की जानकारी हुई। लोगों ने बाहर निकलकर देखा तो पता चला कि संत प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में आग लगी है। प्लैट से धुआं और आग की लपटें निकल रही थीं। तभी सोसायटी के लोगों ने सबमर्सिबल चलाकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उधर, आग की सूचना पर सीओ सदर पीपी सिंह और कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में दमकल की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं।
Vrindavan Fire Incident: सेवादार ने लोगों और पुलिस के साथ की अभद्रता

संत प्रेमानंद महाराज के पड़ोस में रहने वाले चेतन लवानिया ने बताया कि महाराज के फ्लैट में अचानक आग लग गई। कांग्रेस नेता और पूर्व सभासद तुलसी स्वामी ने कहा कि जब उन्होंने चौथी मंजिल पर रहने वाले चेतन लवानिया को फोन किया, तो संत के सेवादारों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सेवादार ने लोगों और पुलिस के साथ भी अभद्रता और गाली-गलौज की। सदर थाना के सीओ पीपी सिंह ने बताया कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी थी। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन अभी नुकसान का पूरा आंकलन नहीं किया गया है।


Download Android App
Download iOS App




